Operation Sindoor::पाक के जिस एयरबेस को भारत ने किया तबाह, उसे ठीक करने में जुटा पाकिस्तान, ऑपरेशन सिंदूर पर बड़ा खुलासा...
पाकिस्तान वायुसेना (PAF) ने अपने भोलारी एयरबेस पर उस हैंगर की मरम्मत शुरू करने के संकेत दिए हैं, जिसे 10 मई 2025 को भारतीय वायुसेना (IAF) के हमले में भारी नुकसान हुआ था. यह हमला भारत और पाकिस्तान के बीच हुए 88 घंटे के छोटे लेकिन गंभीर युद्ध के दौरान हुआ था। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक 28 जनवरी को कॉर्मशियल सैटेलाइट कंपनी Vantor की तरफ से ली गई नई सैटेलाइट तस्वीरों में देखा गया है कि हैंगर की छत का कुछ हिस्सा हटाया गया है. इससे साफ होता है कि अब इस जगह को ऐसे ही छोड़ नहीं दिया गया है, बल्कि मरम्मत की तैयारी शुरू हो चुकी है. हालांकि हैंगर अब भी काफी टूटा हुआ दिखता है, लेकिन छत को हटाना पहला कदम माना जा रहा है।
कब हुआ था भोलारी एयरबेस पर हमला?
भारतीय वायुसेना का मानना है कि इस हैंगर के अंदर पाकिस्तान का एक खास निगरानी विमान मौजूद था. यह विमान दुश्मन के हवाई हमलों की जानकारी देने और दूसरे विमानों को दिशा दिखाने का काम करता है. अगर यह विमान सच में नष्ट हुआ है तो यह पाकिस्तान के लिए बड़ा नुकसान माना जाएगा. भोलारी एयरबेस पर हमला 10 मई को सुबह 10 से 12 बजे के बीच हुआ था. उस समय भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर एक साथ हमले किए थे. यह कार्रवाई पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमलों और भारतीय ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिशों के जवाब में की गई थी. इस पूरे अभियान को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया था।
भोलारी पर किस चीज से हुआ था हमला?
भारतीय वायुसेना ने यह नहीं बताया कि भोलारी पर किस हथियार से हमला किया गया, लेकिन माना जाता है कि इसमें लंबी दूरी की आधुनिक मिसाइलों का इस्तेमाल हुआ था, जिससे विमान सीमा पार किए बिना ही लक्ष्य को नष्ट किया जा सके. भोलारी हमले के कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान ने भारत से संघर्षविराम की बात की. शाम को दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच बातचीत हुई और उसी दिन युद्ध रोकने पर सहमति बनी, हालांकि सीमा पर पूरी शांति लौटने में करीब दो दिन लगे. सिंध के मुख्यमंत्री ने बाद में बताया कि इस हमले में पाकिस्तान वायुसेना के छह जवानों की मौत हुई थी. भोलारी एयरबेस पर शुरू हुई मरम्मत यह दिखाती है कि इस हमले का असर कितना गहरा था।
IAF के हमलों का लेखा-जोखा
9 मई की रात से शुरू हुए IAF अभियानों में पाकिस्तान के कम से कम 10 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। 10 मई सुबह 2 से 5 बजे के बीच चकलाला, रहावली, रफीकी, रहीम यार खान, सुक्कुर, मुरीद और नयाचोर पर हमला हुआ था. इसके बाद सुबह 10 से दोपहर 12 बजे के बीच सरगोधा, भोलारी और जैकबाबाद को इंडियन एयरफोर्स ने निशाना बनाया था।