ईशान-वैभव ही नहीं.. ये बिहारी भी सब पर भारी, करियर के 5वें टी20 मैच में ही कर दिया रनों का 'तांडव'.. जानिए कौन है वो?...
टी20 World Cup 2026: क्रिकेट जगत में बिहार की बात आती है तो हर किसी की जुबान पर विस्फोटक ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी का नाम होता है। दोनों बल्लेबाजों की तूती दुनियाभर में बोलती नजर आ रही है.लेकिन अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक नए बिहारी की एंट्री हुई है जिसने अपने करियर के 5वें टी20 मैच में ही धमाल मचा दिया है। लेकिन ये विस्फोटक बल्लेबाज भारत के लिए नहीं बल्कि यूएई के लिए खेल रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ इस बल्लेबाज ने रनों का तांडव मचा डाला है।
कौन है ये बल्लेबाज?
हम बात कर रहे हैं यूएई के खिलाड़ी सोहैब खान की जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दूसरी फिफ्टी ठोकी है. पहले कनाडा के खिलाफ 51 रन की पारी खेली थी और अब अफगानिस्तान के खिलाफ 68 रन ठोक साबित कर दिया उनके अंदर भारतीय टैलेंट का खून दौड़ रहा है। 68 रन की पारी में सोहैब के बल्ले से 4 छक्के और इतने ही चौके देखने को मिले। वह आखिरकार 19वें ओवर में आउट हुए, तो UAE का स्कोर 7 विकेट पर 152 रन था। दिलचस्प बात ये है कि ये उनके टी20 करियर का महज चौथा ही मुकाबला था।
बिहार के हैं सोहैब
सोहैब भले आज यूएई की जर्सी में दिख रहे हैं लेकिन वो बिहार के लाल हैं. भारत में बिहार के गया जिले के एक छोटे से गाँव कोठी में उनका जन्म हुआ था. कुछ साल पहले COVID-19 महामारी के बीच ही UAE आने का फैसला किया. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी पूरी कहानी समझाई. भारत में मौके न मिलने के चलते उन्होंने यूएई जाने का फैसला किया था।
क्या बोले सोहैब?
सोहैब खान ने नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मैं COVID महामारी के दौरान UAE चला गया था. मुझे यहां (भारत) अधिक मौके नहीं मिल रहे थे. 2021 में शादी हुई थी और मेरी बेटी और मेरी पत्नी के साथ मेरे माता-पिता भी वहीं थे. मुझे लगा कि यही खेल है जिसमें मैं अपना बेस्ट दे सकता हूं. मैंने पिछले 4-5 सालों से बहुत स्ट्रगल किया है, अब अगर मुझे यह दौर मिला है तो ठीक है मैं भगवान से और क्या मांग सकता हूं।'
वीरेंद्र सहवाग के बाद ऐसा करने वाले दूसरे क्रिकेटर
सोहैब महान भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बाद T20 वर्ल्ड कप में खेलने वाले जामिया के दूसरे क्रिकेटर हैं. सोहैब ने बताया, 'मैंने 2014 से 19 तक करीब तीन से चार साल खेला और जामिया से लगातार दो नॉर्थ जोन 2017 और 2018 में खेला. मैं एक फाइनेंशियल कंसल्टेंट, एक सेल्सपर्सन था, मैं दिन में काम करता था और वहां का इंफ्रास्ट्रक्चर ऐसा है कि हम रात में क्रिकेट खेलते हैं और दिन में काम करते हैं. मैंने भी वही किया. पिछले चार-पांच महीनों से, मैं वहां ठीक-ठाक क्रिकेट खेल रहा हूं. मैंने नवंबर 2021 में छोड़ दिया. मैं प्रोस्पेरो नाम की एक फाइनेंशियल कंसल्टेंट कंपनी से हूं. यह एक स्टॉक मार्केट कंपनी है। मैंने जामिया से सोशियोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है.' सोहैब वीरेंद्र सहवाग के बाद टी20 वर्ल्ड कप में खेलने वाले जामिया के दूसरे क्रिकेटर हैं।
उन्होंने बिहार को लेकर कहा, 'मैं बिहार में पैदा हुआ हूं और मैंने बिहार के जिले में बहुत समय बिताया है. मैंने 2014 में बहुत देर से प्रोफेशनल क्रिकेट शुरू किया. लेकिन उससे पहले, टेनिस क्रिकेट में यह सिचुएशन आती रहती थी, जब हम टेनिस बॉल से खेलते थे. यहां तक कि मैं जामिया से नॉर्थ ज़ोन में खेल रहा था।'