Headlines
Loading...
'अगर खुद को गुर्जर मानती हैं तो कंडेला के युवक से करें विवाह', सांसद इकरा हसन पर बोले संत राम विशाल दास महाराज...

'अगर खुद को गुर्जर मानती हैं तो कंडेला के युवक से करें विवाह', सांसद इकरा हसन पर बोले संत राम विशाल दास महाराज...

ब्यूरो, शामली। शामली में विराट हिंदू सम्मेलन में गौरी शंकर गौशाला के स्वामी राम विशाल दास महाराज ने कैराना से सांसद इकरा हसन को लेकर विवादित टिप्पणी की है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 31 जनवरी का है, जब स्वामी राम विशाल दास महाराज शामली के गांव कंडेला में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे। 

विराट हिंदू सम्मेलन के मंच से दिए गए अपने भाषण में स्वामी राम विशाल दास महाराज ने सांसद इकरा हसन के चुनावी प्रचार का जिक्र करते हुए तीखी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के समय इकरा हसन ने हिंदू गुर्जर समाज के बीच खुद को गुर्जर बेटी बताकर वोट मांगे थे। इसी संदर्भ में संत ने सार्वजनिक मंच से सवाल खड़ा किया कि क्या यह भाईचारा केवल वोट तक सीमित है या सामाजिक रिश्तों में भी बदलेगा। 

अपने बयान में उन्होंने यहां तक कहा कि यदि इकरा हसन खुद को गुर्जर बताती हैं, तो उन्हें कंडेला के किसी गुर्जर युवक से विवाह करना चाहिए। उन्होंने अपने विवादित बयान में मुस्लिम समाज से जुड़ी आपत्तिजनक बातों का जिक्र करते हुए यहां तक कहा कि गुर्जर समाज में विवाह करने से तीन तलाक से भी बचेंगी।

करीब 51 सेकंड के इस वीडियो में स्वामी राम विशाल दास महाराज का लहजा काफी आक्रामक नजर आ रहा है, जिसमें वे सांसद के भाषण और पहचान को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक वर्ग जहां इस बयान का समर्थन करता दिखाई दिया। वहीं बड़ी संख्या में लोग इसे आपत्तिजनक, निजी जीवन में दखल और महिला सांसद के प्रति असम्मानजनक करार दे रहे हैं।

वायरल वीडियो के बाद स्वामी राम विशाल दास महाराज सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार हो रहे हैं। कई यूजर्स ने सवाल उठाया है कि किसी जनप्रतिनिधि की निजी जिंदगी या विवाह को राजनीतिक बहस का मुद्दा बनाना कितना उचित है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि इस तरह के बयान समाज में वैमनस्य बढ़ाने का काम करते हैं।

गौरतलब है कि सांसद इकरा हसन बीते कुछ समय से लगातार हिंदू संगठनों के निशाने पर रही हैं। विभिन्न सम्मेलनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनके खिलाफ बयानबाजी की जा रही है। हालांकि, अब तक इस वायरल वीडियो और बयान को लेकर सांसद इकरा हसन या उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।