Headlines
Loading...
'हम मुसलमान हैं और वह सैनी', प्यार करने पर भाई ने अपनी सगी बहन को मार डाला...

'हम मुसलमान हैं और वह सैनी', प्यार करने पर भाई ने अपनी सगी बहन को मार डाला...

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में अंतरधार्मिक विवाह में सगी बहन की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 25 साल के भाई ने अपनी सगी 21 साल की बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। मामला सामने आने के बाद मृतक लड़की के पिता ने भी हत्या को सही ठहराते हुए बचाव किया है।

मृतक लड़की की पहचान रूप जहां के तौर पर हुई है। रूप जहां अपने ही गांव के 22 साल के शिवम सैनी से प्यार करती थी। दोनों के प्यार के बारे में यह बात जैसे ही पिता और भाई को चली तो दोनों इसके खिलाफ हो गए। दोनों मिलकर साजिश रचने लगे।

'गांव वाले मेरा मजाक उड़ाते थे'

समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि पिता का नाम नौशेर है। नौशेर ने कहा, 'रूप का बर्ताव ठीक नहीं था। वह शिवम सैनी से प्यार करती थी और उससे शादी करना चाहती थी। गांव वाले मेरा मजाक उड़ा रहे थे। मेरे बेटे को कोई पछतावा नहीं है।' उसने आगे अपने बेटे के इस काम को सही ठहराते हुए कहा कि ऐसी लड़की को मारना सही था क्योंकि वह उसके परिवार की बेइज्जती करती है।

नौशेर ने आगे कहा कि हमारी बेइज्जती करने वाली लड़की को मारना सही है। बेटे ने गुस्से में उसे मार डाला। उन्होंने कहा, 'हम मुसलमान हैं और वह सैनी है। हम शादी कैसे कर सकते थे? अगर लड़का हमारे समुदाय का होता तो मामला कुछ और होता।'

आरोपी ने हत्या की बात कबूली

हत्यारे भाई का नाम जेन आलम है। जेन ने बहन रूप जहां की हत्या करने के बाद खुद 112 पर कॉल करके पुलिस को जानकारी दी। यह मामला समोली पुलिस स्टेशन के मतावली पट्टी इलाके का है। उसने अपनी बहन की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने जेन आदम को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने क्या बताया?

ASP कुलदीप सिंह ने बताया कि जेन आलम ने PCR कॉल करके बताया कि उसने अपनी बहन रूप जहां की हत्या कर दी है। उन्होंने कहा, 'जांच में पता चला कि लड़की दूसरे समुदाय के एक युवक के साथ रिश्ते में थी। लड़की अमरोहा जिले में अपने प्रेमी के रिश्तेदारों के साथ रहने के लिए अपना घर भी छोड़ चुकी थी। गांव वालों के दखल के बाद उसका परिवार उसे वापस ले आया था।'

इस रिश्ते से उसका भाई गुस्सा हो गया, जिसने गुरुवार रात गुस्से में उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने कहा कि मृतक के प्रेमी शिवम सैनी की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।