बिहार: डिलीवरी बॉय बनकर शादीशुदा गर्लफ्रेंड के घर पहुंचा था शख्स, पंखे से लटका मिला शव
बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग की एक हतप्रभ करने वाली घटना प्रकाश में आई है। यहां डिलीवरी ब्वॉय बनकर आए प्रेमी का शव उसकी प्रेमिका के घर से बरामद किया गया है.शव पंखे से लटक रहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। दरअसल, यह पूरा मामला मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर बाजार का है, जहां रविवार (8 फरवरी) को एक घर के कमरे से युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के सुजापुर निवासी विनायक पंडित के रूप में हुई है।
मृतक का विवाहित महिला से था प्रेम संबंध
बताया जा रहा है कि विनायक का कुमारीपुर की रहने वाली एक विवाहिता महिला के साथ प्रेम संबंध था और शनिवार (7 फरवरी) की रात वह डिलीवरी ब्वॉय बनकर पहुंचा था। सुबह रविवार विनायक का शव महिला के घर के एक कमरे से बरामद किया गया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। मौके पर पहुंचे मनिहारी थाना प्रभारी पंकज आनंद ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा युवक का शव
पुलिस प्रथम दृष्टया अवैध प्रेम संबंध में हत्या और आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।
युवक का दो साल से था महिला के साथ प्रेम संबंध
चर्चा है कि मृतक का महिला के साथ दो वर्षों से प्रेम संबंध था। प्रेमी जब अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा था तब घर में कोई भी पुरुष सदस्य नहीं था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कथित प्रेमिका महिला और उसकी देवरानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।