Budget 2026 Live Updates: अभी राष्ट्रपति भवन पहुंचीं वित्त मंत्री, 2026बजट पेश करने की इजाजत लेंगी निर्मला सीतारमण...
Nirmala Sitharaman Speech on Indian Union Budget 2026 in Hindi Live Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवीं बार बजट पेश करेंगी. इसके साथ ही वो देश के संसदीय इतिहास में नया रिकॉर्ड बनाएंगी.वित्त मंत्री सीतारमण पूर्व पीएम मोरारजी देसाई के 10 बजट के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच जाएंगी।
देसाई ने 1959-1964 के बीच 6 और 1967-1969 के बीच 4 बजट पेश किए थे. हालांकि, लगातार बजट पेश करने के मामले में सीतारमण सबसे आगे रहेंगी. उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम (9 बजट) और प्रणब मुखर्जी (8 बजट) को भी पीछे छोड़ दिया है. इन दोनों वित्त मंत्री ने अलग-अलग कार्यकालों में ये आंकड़े छुए थे।
बात करें आज पेश होने वाले बजट की तो इससे काफी उम्मीदें हैं. इस बार नजरें सीमा शुल्क सुधारों पर टिकी हैं. माना जा रहा है कि बजट से सोना-चांदी सस्ता हो सकता है. इनकम टैक्स की नई रिजीम में स्टैंडर्ड डिडक्शन बढ़ाया जा सकता है. किसान सम्मान निधि बढ़ाई जा सकती है. अमृत भारत और वंदे भारत ट्रेनों का ऐलान हो सकता है।
इसके साथ ही 2 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर सब्सिडी को बढ़ाकर 40 हजार किया जा सकता है, जो कि अभी 30 हजार प्रति किलोवाट है. अगर सब्सिडी बढ़ाई गई तो 2KW के सोलर सिस्टम पर 80 हजार रुपये सब्सिडी मिलेगी।
इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाया जा सकता है. मौजूदा समय में 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को इसका फायदा मिल रहा है. इसे घटाकर 60 साल किया जा सकता है. महिलाओं को उम्मीद है कि उज्ज्वला योजना जैसी स्कीमों का दायरा बढ़ेगा. महिला उद्यमियों को सस्ता लोन भी मिल सकता है।