'मम्मी मुझे बचा लो', लड़की के गले में युवक ने घोंपा चाकू, तड़पते हुए मां को किया फोन, लेकिन हुई मौत, अपराधी हुआ फरार, FIR दर्ज...
Chandigarh News: चंडीगढ़ के सेक्टर-36 स्थित एक पार्क में रविवार रात करीब 8:30 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 23 साल की लड़की सुहानी की उसके परिचित युवक ने चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी विनय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, सुहानी रविवार रात घर से यह कहकर निकली थी कि वह बाजार से चॉकलेट खरीदने जा रही है. करीब 15 मिनट तक जब वह वापस नहीं लौटी तो उसकी मां अनीता ने उसे फोन किया. तीन बार कॉल करने पर कोई जवाब नहीं मिला. चौथी बार फोन उठाने पर सुहानी ने कांपती हुई आवाज में कहा, 'मम्मी, विनय ने मुझे चाकू मारा है… मुझे बचा लो.'
खून से लथपथ हालत में मिली सुहानी
यह सुनते ही परिवार घबरा गया और तुरंत पार्क की ओर दौड़ा. इसी दौरान पार्क में घूम रहे एक व्यक्ति ने खून से लथपथ लड़की को दर्द में कराहते देखा और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर बाद सुहानी के पिता महेश और मां अनीता मौके पर पहुंचे. उस समय सुहानी के गले से खून बह रहा था और वह मुश्किल से सांस ले पा रही थी।
परिजनों का आरोप है कि एम्बुलेंस के आने में देरी हुई, जिसके कारण उन्होंने खुद ही सुहानी को उठाकर पार्क से बाहर निकाला. बाद में एम्बुलेंस से उसे सेक्टर-16 स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी विनय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी विनय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुहानी और आरोपी के बीच क्या संबंध थे और वारदात के पीछे क्या कारण रहा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।