PM Modi Israel Visit: इजरायल में दोस्ती का अनूठा रंग, नेतन्याहू ने 'नेहरू जैकेट' पहनकर पीएम मोदी को चौंकाया...
PM Modi Israel Visit 2026: प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान एक ऐसा भावनात्मक और सांस्कृतिक पल सामने आया, जिसने भारत-इजरायल रिश्तों की गर्मजोशी को एक बार फिर दुनिया के सामने रख दिया।इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी के सम्मान में ऐसा सरप्राइज दिया, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया से लेकर कूटनीतिक गलियारों तक हो रही है। इजरायल और भारत के संबंधों में एक नया अध्याय तब जुड़ा, जब प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने मित्र नरेंद्र मोदी के सम्मान में पारंपरिक भारतीय सदरी (नेहरू/मोदी जैकेट) पहनी।
यह केवल एक परिधान नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति इजरायल के सम्मान का एक शक्तिशाली प्रतीक था।
Netanyahu surprised PM Modi: सदरी वाला सरप्राइज- मैंने अपने मित्र को चौंका दिया
बुधवार रात को दोनों नेताओं के बीच एक साझा रात्रिभोज (Joint Dinner) का आयोजन किया गया था। जब पीएम मोदी डिनर के लिए पहुंचे, तो नेतन्याहू ने 'स्टोन कलर' (Stone-coloured) की मोदी जैकेट और सफेद कुर्ता-नुमा शर्ट पहन रखी थी।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इसका वीडियो साझा करते हुए लिखा-हमारे साझा रात्रिभोज से पहले, मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर चौंका दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस भाव की सराहना करते हुए इसे 'शानदार' बताया और कहा कि भारतीय परिधान के प्रति नेतन्याहू का यह लगाव भारत की समृद्ध संस्कृति के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है।
'सैफरन सिंक' जब पॉकेट स्क्वायर और सारा नेतन्याहू की ड्रेस मैच हुई
यह पहली बार नहीं था जब पीएम मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान ऐसा खुशनुमा पल सामने आया। पीएम मोदी के इजरायल पहुंचने पर खुद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू के साथ एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए पहुंचे थे। विमान से उतरते ही दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया और हाथ मिलाया।
इस दौरान भी माहौल हल्का-फुल्का हो गया जब नेतन्याहू की पत्नी सारा नेतन्याहू ने भगवा (सैफरन) रंग का फॉर्मल सूट पहन रखा था। नेतन्याहू ने मजाकिया अंदाज में पीएम मोदी की जैकेट पर लगे पॉकेट स्क्वायर की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह उनकी पत्नी के परिधान से मैच कर रहा है। इस बात पर दोनों नेता ठहाके लगाकर हंस पड़े, जिससे माहौल और भी सहज हो गया।
कूटनीति से आगे निजी दोस्ती का संकेत
राजनयिक जानकारों के मुताबिक, इन छोटे-छोटे पलों का बड़ा संदेश होता है। यह दिखाता है कि भारत और इजरायल के रिश्ते केवल रणनीतिक या राजनीतिक नहीं हैं, बल्कि व्यक्तिगत स्तर पर भी मजबूत हैं। नेतन्याहू का भारतीय परिधान पहनना भारत की संस्कृति के प्रति सम्मान और पीएम मोदी के साथ उनकी निजी मित्रता को दर्शाता है।
आज होगी अहम बैठक, एजेंडे पर रणनीतिक मुद्दे
बता दें कि पीएम मोदी इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर दो दिवसीय दौरे पर इजरायल पहुंचे हैं। दौरे के पहले दिन पीएम मोदी ने इजरायली संसद नेसेट को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों, साझा मूल्यों और भविष्य की साझेदारी पर जोर दिया।
आज गुरुवार को दोनों नेता यरुशलम स्थित याद वाशेम होलोकॉस्ट मेमोरियल सेंटर जाएंगे। यह स्थल इजरायल आने वाले लगभग सभी राष्ट्राध्यक्षों के कार्यक्रम में शामिल होता है। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे किंग डेविड होटल में पीएम मोदी और पीएम नेतन्याहू के बीच एक अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बैठक में रक्षा, तकनीक, कृषि, साइबर सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
आज का कार्यक्रम: याद वाशेम और 'किंग डेविड होटल'
आज गुरुवार (26 फरवरी) का दिन भी बेहद खास रहने वाला है:
याद वाशेम मेमोरियल: सुबह दोनों नेता होलोकॉस्ट मेमोरियल 'याद वाशेम' जाएंगे, जहाँ द्वितीय विश्व युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
बड़ी द्विपक्षीय बैठक: सुबह 11 बजे यरूशलेम के मशहूर किंग डेविड होटल में दोनों देशों के डेलिगेशन के बीच उच्च स्तरीय वार्ता होगी। इसमें रक्षा, जल प्रबंधन, कृषि और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
पीएम मोदी और नेतन्याहू की यह केमिस्ट्री न केवल दो देशों के कूटनीतिक संबंधों को मजबूत कर रही है, बल्कि पश्चिम एशिया में भारत की रणनीतिक भूमिका को भी नया आयाम दे रही है। 'जैकेट' से लेकर 'जज्बात' तक, यह यात्रा भारत-इजरायल गठबंधन के 'अनब्रेकेबल' होने का प्रमाण है।