'4 साल पत्नी बनाकर रखा, फिर छोड़ दिया', आगरा में पुलिसवाले पर आरोप लगाकर युवती ने दी जान, आखिरी वीडियो से मचा हड़कंप...
Agra Live in Relationship Case: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक सिपाही के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती ने मौत को गले लगा लिया। आरोप है कि सिपाही ने शादी का झांसा देकर युवती का चार साल तक शोषण किया और बाद में मुकर गया। खुदकुशी से पहले युवती ने एक दर्दनाक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी आपबीती सुनाई है।
शादी का वादा और 4 साल का धोखा
जानकारी के मुताबिक, युवती आगरा के ताजगंज थाने में तैनात सिपाही जेबी गौतम के साथ काफी समय से रह रही थी. युवती का आरोप है कि सिपाही ने उसे पत्नी बनाकर रखा और लगातार शादी का भरोसा देता रहा. लेकिन जब भी वह शादी का दबाव बनाती, सिपाही परिवार की रजामंदी न होने का बहाना बनाकर टाल देता था।
मरने से पहले बयां किया दर्द
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती बेहद भावुक नजर आ रही है. उसने कहा, "जेबी गौतम ने मुझे चार साल तक पत्नी की तरह रखा और अब छोड़ दिया. वह पुलिसवाला है, इसलिए उसे लगता है कि उस पर कोई कार्रवाई नहीं होगी." युवती ने सिपाही और उसके परिवार को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है।
पुलिस की कार्रवाई: सिपाही गया जेल
वीडियो सामने आने और युवती की मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी सिटी अली अब्बास के निर्देश पर आरोपी कांस्टेबल जेबी गौतम को तुरंत निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।