Headlines
Loading...
गोरखपुर में दारोगा भर्ती परीक्षा में दूसरे दिन72% अभ्यर्थी हुए शामिल, 24 केंद्रों पर हुआ एग्जाम...

गोरखपुर में दारोगा भर्ती परीक्षा में दूसरे दिन72% अभ्यर्थी हुए शामिल, 24 केंद्रों पर हुआ एग्जाम...

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (दारोगा) भर्ती परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न हुई। दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में कुल 14,205 (72 प्रतिशत) अभ्यर्थी शामिल हुए। पहली पाली में 9840 में से 7064 जबकि दूसरी पाली में 9840 में से 7141 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

रविवार सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा में जिले के 24 केंद्रों पर 2776 अभ्यर्थी नहीं पहुंचे। अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित द्वितीय पाली की परीक्षा में 2699 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति पहली पाली से थोड़ी अधिक रही।

परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष योजना लागू की गई थी ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने।

प्रमुख चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। लेकिन शाम को परीक्षा छूटते ही बैंक रोड,गोलघर समेत सभी प्रमुख चौराहे पर जाम लग गया। अधिकारी सुबह से लेकर शाम तक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दूसरे दिन भी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी भी केंद्र से अव्यवस्था या गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल के साथ ही प्रशासन के अधिकारी सुबह से लेकर शाम तक अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ ही व्यवस्था का जायजा लेते रहे।