Headlines
Loading...
वाराणसी में नगर निगम द्वारा साढ़े आठ करोड़ ₹ से संवरेगा सिगरा शहीद उद्यान, बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी.. नगर आयुक्त...

वाराणसी में नगर निगम द्वारा साढ़े आठ करोड़ ₹ से संवरेगा सिगरा शहीद उद्यान, बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी.. नगर आयुक्त...

-पाथवे व मनोरंजन के लिए अत्याधुनिक झूले और आकर्षक फव्वारे भी लगेंगे, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

वाराणसी, 28 मार्च। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में नगर निगम शहर के पार्कों के सुंदरीकरण और उन्हें आधुनिक स्वरूप देने के अभियान में जुट गया है। अभियान में सिगरा स्थित शहीद उद्यान के कायाकल्प का कार्य अब अंतिम दौर में है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को शहीद उद्यान का स्थलीय निरीक्षण किया और चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और फिनिशिंग को बारीकी से देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए कि सौंदर्यीकरण का शेष कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए।

उन्होंने कहा कि निर्माण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहरवासियों को जल्द से जल्द इस आधुनिक पार्क की सौगात मिल सके, इसके लिए दिशा निर्देश भी दिया। पार्क परिसर में बच्चों और युवाओं के लिए 1.5 करोड़ रुपये की लागत से एक हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है। 

इस लाइब्रेरी के बनने से छात्रों और ज्ञान प्रेमियों को पार्क के शांत वातावरण में पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। नगर आयुक्त ने लाइब्रेरी भवन के कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा। करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये की कुल लागत से संवर रहे इस उद्यान में मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए विशेष पाथवे, बच्चों के मनोरंजन के लिए अत्याधुनिक झूले और आकर्षक फव्वारे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पूरे परिसर में आधुनिक लाइटिंग और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे यह पार्क शहर के मुख्य आकर्षणों में से एक बन सके।