नईदिल्ली न्यूज :: उत्तम नगर में ईद पर बवाल की कोशिश नाकाम, पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा...
नईदिल्ली ब्यूरो। तरुण हत्याकांड के बाद दिल्ली के उत्तम नगर में ईद पर तनाव फैला हुआ है। लोग डर के साय में ईद का त्योहार मना रहे है। इस बीच उत्तम नगर में बवाल होने की खबर सामने आई है। हालांकि इलाके में तैनात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को काबू लिया। दरअसल शनिवार को ईद के मौके पर कुछ लोग उत्तम नगर मेट्रो स्टेशन के पास विरोध करने पहुंचे थे। हालांकि पुलिस ने तुरंत लोगों को पकड़ कर वहां से भगा दिया और स्थिति को समय रहते संभाल लिया।
वहीं दूसरी ओर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेड और सतर्क निगरानी में लोगों ने अमन-चैन की दुआ के साथ नमाज अदा की। पुलिस ने बताया कि हस्तसाल गांव और उससे सटे इलाकों में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की मजबूत तैनाती की गई है। हर प्रवेश और निकास मार्ग पर अवरोधक लगाए गए हैं और पहचान पत्रों की सख्त जांच के बाद ही लोगों को आगे बढ़ने दिया जा रहा है, ताकि पूरे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
सिर्फ कुछ खास हिस्सों में जाने की इजाजत
सत्यापन के बाद केवल स्थानीय निवासियों को ही कुछ विशेष हिस्सों में जाने की अनुमति दी जा रही है, जबकि बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए पुलिस दल लगातार पैदल गश्त कर रहे हैं और छतों, संकरी गलियों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिये चौकस निगरानी रखी जा रही है, ताकि पूरे इलाके में भरोसे और सुरक्षा का माहौल कायम रहे।
द्वारका के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने कहा कि हालात शातिपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, यहां माहौल शांतिपूर्ण है। लोगों ने इत्मीनान से नमाज अदा की। पूरे क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है और नियमित गश्त व पहरा जारी है। सिंह ने साथ ही लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।
'इस बार पहले जैसी बात नहीं'
स्थानीय लोगों ने कहा कि भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद भी नमाज शांतिपूर्वक तरीके से अदा की गई, हालांकि उत्सव इस बार सादगी के साथ मनाया गया। स्थानीय निवासी परवेज ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द की भावना अब भी कायम है।
उन्होंने कहा, "हमने शांति से नमाज अदा की। उम्मीद है कि हमारे हिंदू मित्र भी पर्व में शामिल होंगे और हम सब मिलकर त्योहार मनाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। तरुण की मौत से हमें गहरा दुख है, वह हमारे लिए भाई जैसा था। हालांकि, जमीन पर मौजूदा स्थिति उतनी तनावपूर्ण नहीं है, जितना (सोशल मीडिया पर) दिखाया जा रहा। हमारे पड़ोसी बेहद सहयोगी रहे हैं और पुलिस ने भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है।
एक अन्य स्थानीय निवासी मोहम्मद नवीन ने माना कि माहौल पूरी तरह सामान्य तो नहीं हुआ है।उन्होंने कहा, बाहरी तत्वों द्वारा बनाए गए माहौल और भारी पुलिस तैनाती के कारण पहले जैसी सहजता महसूस नहीं हो रही। तनावपूर्ण स्थिति के बीच हम ईद मना रहे हैं। फिर भी हम दिल्ली पुलिस के आभारी हैं, जिसने कानून-व्यवस्था बनाए रखी और हमें सुरक्षित ढंग से त्योहार मनाने का अवसर दिया।
शांति से अदा हुई नमाज
उत्तम नगर की जामा मस्जिद के प्रमुख खालिद अली ने कहा कि शुरुआती दिनों में अफवाहों और बाहरी लोगों की सक्रियता से इलाके में तनाव बढ़ा था। उन्होंने कहा, पहले यहां माहौल तनावपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभाली। आज हम सुरक्षित माहौल में ईद मना पाए हैं। मुझे यह भी जानकारी दी गई कि उत्तम नगर की सभी मस्जिदों में ईद की नमाज शांतिपूर्वक तरीके अदा की गई।
क्या है मामला?
चार मार्च को होली के दिन जेजे कॉलोनी में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई झड़प में घायल 26 साल के तरुण की बाद में मौत हो गई। यह विवाद उस समय शुरू हुआ, जब एक परिवार की लड़की द्वारा फेंका गया पानी का गुब्बारा अनजाने में दूसरे परिवार की एक महिला को लग गया और बात बढ़ते-बढ़ते हिंसक टकराव में बदल गई।
इस घटना के बाद कुछ समूहों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोपियों से जुड़े दो वाहनों में आग लगा दी गई। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि अफवाहों पर लगाम लगाने और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।