यूपी :: अब बॉडी वार्न कैमरों से लैस होगी पुलिस, हर एक्शन होगा कैद; हर थाना प्रभारी सहित दो पुलिसकर्मियों को होगा अलॉट...
यूपी, बाराबंकी। 112 डायल के पीआरवी और यातायात पुलिसकर्मियों के बाद अब नागरिक पुलिस भी बाडी वार्न कैमरों से लैस किया जा रहा है। पहले चरण में सभी थानाें को दो-दो कैमरे दिए गए हैं। प्रत्येक थाना के प्रभारी सहित दो पुलिसकर्मी डयूटी में प्रयोग करेंगे। इससे पुलिस व्यवस्था और पारदर्शी व जवाबदेह बनेगी। कानून व्यवस्था की मानीटरिंग करने वाले राजपत्रित अधिकारी भी बाडी वार्न कैमरा से प्रयोग करेंगे।
50 बाडी वार्न कैमरा उपलब्ध कराए
प्रथम चरण में बाराबंकी पुलिस को 50 बाडी वार्न कैमरा उपलब्ध कराए गए हैं। अधिकांश थानों पर इन कैमरों का उपयोग शुरू कर दिया गया है। प्रत्येक थाना प्रभारी सहित एक अतिरिक्त कैमरा थानों को मिला है। दूसरा कैमरा थाना प्रभारी आवश्यकता अनुसार दूसरे जिम्मेदार पुलिसकर्मी को सौंपेंगे।
इन कैमरों के नित प्रयोग से साक्ष्य संकलन के साथ अपराध पर अंकुश लगेगा और पुलिस के कार्य व्यवहार में सुधार का भरोसा भी बढ़ेगा।
पीआरवी व ट्रैफिक में प्रयोग : बाडी वार्न कैमरों का अभी पीआरवी और यातायात पुलिसकर्मी प्रयोग कर रहे हैं। वर्तमान में यह 66 कैमरा 112 डायल के पास हैं जबकि यातायात के पास आठ कैमरे हैं। अब नागरिक पुलिस भी प्रयोग करने जा रही है।
क्या बोले पुलिस अधीक्षक?
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बाडी वार्न कैमरों के इस्तेमाल से पुलिस कार्रवाई की रिकार्डिंग होगी, विवाद की स्थिति में सटीक साक्ष्य उपलब्ध रहेगा। अधिकांश थानों को कैमरे वितरित हो चुके हैं, पुलिसकर्मियों की कार्यशैली में और अधिक सुधार आएगा साथ ही जनता के प्रति बेहतर व्यवहार सुनिश्चित किया जा सकेगा।