ऋषिकेश में गंगा के किनारे बियर पी रहा था एक पर्यटक, टोकने पर बोला- नहीं पता था कि गंगाजी के पास खड़ा हूं.. क्षमा मांगता हूं...
ऑनलाइन न्यूज, ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा के किनारे एक पर्यटक द्वारा असभ्य व्यवहार किए जाने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, पर्यटक गंगा के किनारे बियर पी रहा था, जिसे देखकर स्थानीय युवाओं ने कड़ा विरोध जताया। एक स्थानीय युवक अंकित गुप्ता ने पर्यटक से कहा कि, आपको गंगा का सम्मान करना चाहिए और यह स्थान पवित्र है। इसका ध्यान रखना चाहिए।
जवाब पर जताई हैरानी
पर्यटक ने सफाई में कहा कि उसे यह नहीं पता था कि वह गंगा जी के पास खड़ा है। इस जवाब पर स्थानीय युवकों ने हैरानी जताई और कहा कि आंखों के सामने भव्य गंगा बह रही है और फिर भी वह कुतर्क कर रहा है। युवाओं ने उसे समझाया कि नदी का अपमान करना अनुचित है।
इसके बाद युवाओं ने पर्यटक से माफी मंगवाई और उसके हाथ से बियर का खाली केन लेकर उसे जेब में रखवाकर सुरक्षित वापस भेज दिया।
पर्यटक ने गलती स्वीकार की
घटना के दौरान पर्यटक ने अपनी गलती स्वीकार की और चुपचाप वहाँ से चला गया। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि ऐसा व्यवहार पर्यटकों के लिए एक संदेश है कि गंगा और अन्य पवित्र स्थलों का सम्मान करना अनिवार्य है।
वीडियो हो रहा वायरल
घटना का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवाओं की सजगता और पर्यटक की गलती स्वीकार करने का दृश्य स्पष्ट दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि पर्यटक दिल्ली का निवासी है।