Headlines
Loading...
मंदिर के पास इफ्तार पार्टी के दौरान युवकों ने पानी में फेंके अवशेष, वीडियो वायरल होने के बाद चार हुए गिरफ्तार...

मंदिर के पास इफ्तार पार्टी के दौरान युवकों ने पानी में फेंके अवशेष, वीडियो वायरल होने के बाद चार हुए गिरफ्तार...

Shravasti News: यूपी के श्रावस्ती में एक मंदिर के पास इफ्तार पार्टी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने मांसाहारी खाना बनाया और अवशेष को वहीं बहते पानी में फेंक दिया। जबकी इस पानी का प्रयोग मंदिर में खाना पकाने और पीने में किया जाता है। वहीं, इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक ये मामला थाना सिरसिया क्षेत्र अंतर्गत सोनपथरी आश्रम मंदिर का है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि सोनपथरी सिरसिया आश्रम के हरी शरणानंद महाराज ने लिखित शिकायत देकर बताया था कि 17 मार्च की शाम कुछ लोग मंदिर के बगल से बहने वाले नाले के पास रोजा इफ्तारी की पार्टी कर रहे थे जिसमें मांसाहारी भोजन परोसा जा रहा था।

यहां पास रोजा इफ्तार पार्टी में मांसाहारी भोजन बनाने और वहां अवशेष फेंकने के आरोप में पुलिस ने चार अभियुक्तों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। शिकायत के मुताबिक, मांसाहार के अवशेष मंदिर से सटे एक जलस्रोत में फेंके जा रहे थे। उस जलस्त्रोत के पानी का प्रयोग आश्रम द्वारा खाना बनाने, पीने और मूर्ति धोने के लिए किया जाता है और जब आश्रम की ओर से उन्हें रोका गया तो आरोपियों ने कथित रूप से धमकी दी।

इस कृत्य से आश्रम की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उक्त शिकायत के आधार पर थाना सिरसिया में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(2) (धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र, समुदाय आदि के आधार पर नफरत, वैमनस्य फैलाना) के तहत मामला दर्ज कर शुक्रवार को चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान थाना हरदत्तनगर गिरंट अंतर्गत महरू मुर्तिहा गांव निवासी जमाल अहमद, इरफान अहमद, इमरान अहमद और जहीर खान के रूप में की गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ युवक एक जलस्त्रोत के पास खाना पका रहे हैं। वजू करने के बाद इफ्तार कर रहे हैं। वहीं, बैकग्राउंड में हम सबका कलमा है, ला इलाहा इल्लल्लाह, मुहम्मदुर रसूलुल्लाह; गाना बज रहा है।

वाराणसी में भी युवकों ने नाव पर की थी इफ्तार पार्टी

इससे पहले वाराणसी से भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया था। जहां कुछ युवकों ने गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी की। इस दौरान चिकन बिरयानी समेत अन्य के अवशेष गंगा में फेंका था। वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।