सोनभद्र :: आज दुद्धी के जंगल में मिला अज्ञात महिला का शव, चेहरे पर चोट के थे निशान...
सोनभद्र। दुद्धी क्षेत्र के धनौरा व जपला गांव के जंगल के बीच सोमवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में अज्ञात महिला का शव मिला। उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं। साड़ी ब्लाऊज पहनीं महिला के पास राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी स्थित पेट्रोल पंप की पर्ची बरामद किया है। पुलिस उस आधार पर मामले की जांच कर रही है।
चर्चा है कि रविवार की शाम करीब पांच बजे एक चरवाहा पशुओं को चराकर लौटते वक्त महिला को मृत अवस्था में झाड़ियों के बीच पड़ा देखा था, वह डर कर भाग निकला। चूंकि शाम ढल रही थी। चरवाहा जब गांव लौटा तो अगल बगल के लोगों को बताया कि एक महिला का शव जंगल के बीचों बीच पड़ा है।
सोमवार की सुबह मोबाइल से धनौरा के प्रधान को सूचना दी। उसके बाद ग्राम प्रधान ने दुद्धी पुलिस को घटना के बारे में बताया। दुद्धी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह व कस्बा इंचार्ज जंगल के बीच में घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
मौके पर डीजल पर्ची शव के पास मिली जो दो दिन पहले राबर्ट्सगंज के हिंदुआरी पेट्रोल पंप के नाम से पर्ची निकली। उस पर एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला। पुलिस ने उस नंबर पर फोन कर बात की। उसे कोतवाली तलब किया है।
मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फोरेंसिक लैब की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। पुलिस ने ग्राम प्रधान से तहरीर लेकर शव को कब्जे में लेकर दुद्धी मर्चरी हाउस के लिए भेज दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने बताया कि ग्राम धनौरा के जपला जंगल मे एक अज्ञात महिला का शव मिला है। उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।