Headlines
Loading...
मातम में बदलीं खुशियां: भाई की शादी में आया छात्र रामगंगा में डूबा, रील बनाने के चक्कर में हुई हादसा, रात 11 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी...

मातम में बदलीं खुशियां: भाई की शादी में आया छात्र रामगंगा में डूबा, रील बनाने के चक्कर में हुई हादसा, रात 11 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी...

शाहबाद (रामपुर)। दोस्तों के साथ घूमने निकला एक युवक रामगंगा नदी में नहाते समय डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।

मुहल्ला खटपुर निवासी फिरोज दिल्ली में रहकर बेल्डिंग का काम करता है। वह भाई इमरोज की शादी में शामिल होने के लिए घर आया हुआ था। शनिवार को हुई शादी में शामिल होने के लिए उसके साथ दिल्ली से उसके दोस्त सलमान, कमाल और लाला भी शाहबाद आए थे। शादी के बाद सोमवार को सभी युवक क्षेत्र में घूमने के लिए निकले।

इस दौरान मुहल्ला खटपुर निवासी 19 वर्षीय मोइस उर्फ मोनू भी उनके साथ हो लिया। घूमते-घूमते सभी लोग गांव ढकुरिया स्थित रामगंगा नदी किनारे पहुंच गए। गर्मी के चलते सभी युवक नदी में नहाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाते समय मोइस अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा।

साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना स्वजन को दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई।

स्थानीय तैराकों की मदद से नदी में काफी देर तक युवक की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू आपरेशन जारी था। घटना के बाद से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना के बाद भाई की शादी की खुशियां चंद घंटों में ही मातम में बदल गईं।

जिस घर में शनिवार तक बैंड-बाजे और मेहमानों की रौनक थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है। गर्मी से राहत पाने के लिए युवक नदी में उतरे थे, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण हादसा हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि रामगंगा के इस हिस्से में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।

तहसीलदार शाहबाद अमित कुमार ने बताया कि मोइस नहाने के लिए पानी में उतरा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे गहरे पानी में जाने से रोका, लेकिन वह आगे बढ़ गया और डूब गया। मौके का निरीक्षण कर एसडीआरएफ टीम की मांग कर दी गई है, जो सुबह सर्च आपरेशन चलाएगी।

डी-फार्मा की कर रहा है पढ़ाई

स्वजन के अनुसार, मोइस उर्फ मोनू मुरादाबाद के एक निजी संस्थान से डी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। उसके अचानक लापता होने से परिवार को गहरा सदमा लगा है। चर्चा यह भी है कि युवक नदी में नहाते समय रील बना रहे थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ।