Headlines
Loading...
ICICI बैंक में 1.26 करोड़ का महाघोटाला: बिना जमीन के ही बैंक मैनेजर को थमा दिए कागज, ऐसे खुला फर्जीवाड़ा का राज...

ICICI बैंक में 1.26 करोड़ का महाघोटाला: बिना जमीन के ही बैंक मैनेजर को थमा दिए कागज, ऐसे खुला फर्जीवाड़ा का राज...

गजरौला (अमरोहा)। आइसीआइसीआइ बैंक की शाखा में जमीन के फर्जी अभिलेख जमा कर 12 लोग तीन साल तक ऋण लेते रहे। उन्होंने इस दौरान किसान क्रेडिट कार्ड भी जारी करा लिए तथा उस पर एक करोड़ 26 लाख रूपये का ऋण प्राप्त कर लिया। इस मामले में बैंक में तैनात तत्कालीन फील्ड आफिसर की भूमिका भी शामिल रही।

ऋण कि किस्त जमा न होने पर बैंक अधिकारियों का माथा ठनका तो जांच कराई गई। जिसमें खेल खुलकर सामने आ गया। जो जमीन आरोपितों ने गिरवी रखी थी वह उनकी थी ही नहीं। जबकि कुछ जमीन के फर्जी कागजात तैयार कराए गए थे। अब इस मामले में शाखा प्रबंधक ने 13 आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

नगर में चौपला चौराहा पर आइसीआइसीआइ बैंक की शाखा है। 2018 में यहां पर फील्ड आफिसर के रूप में मोहम्मद असलम की तैनाती थी। इसी वर्ष उन्होंने रहरा थाना क्षेत्र के सनी भाटी, अनुपम भाटी, भूपेंद्र सिंह, विशाल, रविपाल, मनोज नागर, अनूप, अजब सिंह, विजेंद्र, रविंद्र कुमार, ब्रजेश देवी, सुभाष के इस शाखा में खुलवाए थे।

बैंक द्वारा उनके किसान क्रेडिट कार्ड भी जारी कर दिए गए। उसके बाद सभी 12 आरोपितों ने 2018 से लेकर 2020 तक बैंक में लगातार ऋण के लिए आवेदन किया। वह गजरौला क्षेत्र में अपनी कृषि भूमि के दस्तावेज व अन्य प्रपत्र जमा कर आवेदन करते रहे।

जबकि फील्ड आफिसर मोहम्मद असलम उनका भौतिक सत्यापन करने की रिपोर्ट बैंक को देते रहे। इस प्रकार तीन साल के भीतर आरोपितों ने संपत्ति के फर्जी दस्तावेजों को गिरवी रखकर एक करोड़ 26 लाख 35 हजार 324 रुपये का ऋण प्राप्त कर लिया। परंतु किसी भी ऋणदाता ने बैंक को वापस किस्त जमा नहीं की।

जिस पर अब बैंक अधिकारियों का माथा ठनका तो उन्होंने मामले की जांच कराई। ऋण के लिए बैंक में गिरवी रखी गई जमीन दस्तावेजों के लिहाज से मिली ही नहीं। कुछ मिली भी तो वह अन्य किसानों के नाम पर थी। यानि जालसाजों ने उनकी जमीन के फर्जी कागज तैयार कराए थे।

सारे मामले में फील्ड आफिसर मोहम्मद असलम की भूमिका संदिग्ध मिली। बैंक अधिकारियों ने राजस्व रिकार्ड में भी दस्तावेज की जांच कराई तो भूलेख विभाग की रिपोर्ट भी फर्जी मिली। इस मामले में शाखा प्रबंधक अपूर्व वशिष्ठ ने शनिवार को थाने में तहरीर दी थी।

प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले में तत्कालीन फील्ड आफिसर मोहम्मद असलम, सनी भाटी, अनुपम भाटी, भूपेंद्र सिंह, विशाल, रविपाल, मनोज नागर, अनूप, अजब सिंह, विजेंद्र, रविंद्र कुमार, ब्रजेश देवी, सुभाष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी है।