IPL 2026: CSK ने भुगती इस भारी ब्लंडर की सजा?14.20 करोड़ी खिलाड़ी को छुपाकर रखा, जो कहलाता है नया 'रवींद्र जडेजा'...
Chennai Super Kings: चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस को जिस बात का डर था वही हुआ है. 19वें सीजन में पहला मैच खेलने उतरी टीम को शर्मनाक हार मिली. दिग्गजों से सजी ये टीम मुश्किल से 127 रनों तक पहुंच सकी.राजस्थान की टीम ने यह टारगेट सिर्फ 12.1 ओवर में चेज कर दिया. पहले तो चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी कोलैप्स हुई, फिर गेंदबाजों की जमकर पिटाई हुई. मतलब ये कि गेंद और बल्ले दोनों से 5 बार की चैंपियन फेल रही।
गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में मिली इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस इसलिए हैरान हैं कि आखिर मैदान पर 14.20 करोड़ का खिलाड़ी क्यों नहीं उतारा गया. ये वही खिलाड़ी है, जिसे सीएसके का नया रवींद्र जडेजा माना जा रहा है, लेकिन नीलामी में करोड़ों की कीमत में खरीदने के बाद भी उसे मैदान पर नहीं भेजा. ना गेंदबाजी के लिए और ना ही बल्लेबाजी के लिए. अब सवाल ये है कि आखिर ये खिलाड़ी है कौन?
यहां जिस खिलाड़ी की बात हो रही है वो 20 साल के युवा प्रशांत वीर हैं, जो घरेलू क्रिकेट में यूपी के लिए खेलते हैं. मिनी ऑक्शन में इस खिलाड़ी को खरीदने के लिए होड़ मची थी. 5 टीमों ने बोली लगाई, लेकिन CSK ने आखिर में 14.20 करोड़ की भारी रकम में उन्हें अपने साथ जोड़ लिया था. इस तरह प्रशांत वीर ऑक्शन के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने थे।
कौन हैं प्रशांत वीर?
प्रशांत बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और लेफ्ट आर्म स्पिनर गेंदबाजी करते हैं. यूपी के लिए वो जबरदस्त ऑलराउंडर हैं. इस खिलाड़ी के पास आखिरी के ओवरों में छक्के लगाने की जबरदस्त क्षमता है. आईपीएल 2026 से पहले 2025-26 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में प्रशांत ने 7 मैचों में 169.19 के शानदार स्ट्राइक रेट और 37.33 की औसत से 112 रन बनाए थे. 7 पारियों में 6.76 के इकॉनमी रेट से 9 विकेट निकाले थे।
घरेलू क्रिकेट में मचाई थी तबाही
प्रशांत उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2025 के हीरो थे. उन्हें 'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन' चुना गया था. नोएडा सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए 10 पारियों में 64.00 के शानदार औसत और 155.34 के स्ट्राइक रेट से 320 रन बनाए, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल थे. गेंदबाजी में भी उन्होंने 8 विकेट लिए. इसके बाद वो U23 स्टेट ए ट्रॉफी में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुने गए. उन्होंने 7 मैचों में 94.00 के औसत और 128.76 के स्ट्राइक रेट से 376 रन बनाए थे, जिसमें 4 फिफ्टी थीं, जबकि गेंद से 7 मैचों में 18 विकेट लिए थे।
सीएसके के नए रवींद्र जडेजा
प्रशांत को सीएसके का नया रवींद्र जडेजा कहा जा रहा है. इसकी 2 वजह हैं. पहली ये कि उनका एक्शन और बल्लेबाजी करने का तरीका जडेजा से काफी मिलता-जुलता है. वो जडेजा की तरह एक ऑलराउंडर हैं, जो गेंद और बल्ले दोनों से मैच पलटने की क्षमता रखते हैं. 4 ओवर में सटीक गेंदबाजी के साथ वो जरूरत पड़ने पर ना सिर्फ बड़ी पारी बल्कि तूफानी इनिंग भी खेल सकते हैं. दिग्गज जडेजा सालों तक सीएसके का हिस्सा रहे, लेकिन इस सीजन वो राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड हुए थे. इसलिए चेन्नई ने उनकी जगह भरने के लिए युवा प्रशांत पर ही दांव लगाया है, इसलिए उन्हें चेन्नई की टीम का नया जडेजा कहा जा रहा है।
पछता रही होगी चेन्नई सुपर किंग्स
पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को बुरी तरह हार मिली थी. संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़ से लेकर शिवम दुबे तक सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे. संजू ने 6, कप्तान गायकवाड़ 6, आयुष म्हात्रे 0, मैथ्यू शॉर्ट 2 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए थे. ऐसे में टीम को एक ऐसे ऑलराउंडर की कमी खली, जो एक पार्टनरशिप कर सकता था. प्रशांत को मुख्य प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली, लेकिन उन्हें इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर रखा गया था. लेकिन चेन्नई ने प्रशांत वीर के ऊपर सरफराज खान को भेजा, जिन्होंने 12 गेंदों पर 17 रन बनाए. अब टीम कहीं ना कहीं सोच रही होगी कि अगर प्रशांत को मौका दिया होता तो शायद नतीजा कुछ और हो सकता था।
IPL 2026 के लिए CSK का स्क्वॉड
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, एम.एस. धोनी, संजू सैमसन, डेवाल्ड ब्रेविस, उर्विल पटेल, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, नूर अहमद, खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, श्रेयस गोपाल, मुकेश चौधरी, नाथन एलिस, अकील होसेन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैक फॉल्केस।