IPL 2026 में ये बड़ा बदलाव: ओपनिंग सेरेमनी हुआ कैंसिल, RCB-SRH मैच से सीधे शुरुआत; जानें वजह...
IPL 2026 Opening ceremony: आईपीएल 2026 की शुरुआत इस बार बिना किसी चमक-धमक के होगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने फैसला किया है कि इस सीजन में ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी। यह निर्णय पिछले साल बेंगलुरु में आरसीबी के चैंपियन बनने पर हुई विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए लिया गया।
आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 28 मार्च को खेला जाएगा। हालांकि इस मैच से पहले कोई सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।
आईपीएल 2026 की ओपनिंग सेरेमनी नहीं होगी
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया के मुताबिक, '4 जून 2025 को हुए दुखद हादसे को ध्यान में रखते हुए इस बार उद्घाटन के दिन कोई समारोह नहीं रखा गया है। यह फैसला दिवंगत आत्माओं के सम्मान में लिया गया है।'
क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन होगा
टूर्नामेंट के अंत में फैंस को एक बड़ा आयोजन देखने को मिल सकता। रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल 31 मई को फाइनल के दिन भव्य क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित करने की तैयारी कर रही है।
पिछले सीजन में ईडन गार्डेंस में हुई थी ओपनिंग सेरेमनी
पिछले साल यानी 2025 में ईडन गार्डन्स में ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन हुआ था, जिसमें शाहरुख खान, श्रेय घोषाल और करण औजला ने परफॉर्म किया था, वहीं अभिनेत्री दिशा पाटनी ने डांस परफॉर्मेंस दी थी।
इस बीच, IPL से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर फ्रेंचाइजी का अधिग्रहण एक कंसोर्टियम ने 16660 करोड़ रुपये में किया है। इस कंसोर्टियम का नेतृत्व आदित्य बिड़ला ग्रुप कर रहा।
इस डील में बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की BXPE रणनीति भी शामिल है। नए ढांचे के तहत आर्यमान विक्रम बिड़ला को चेयरमैन बनाया गया जबकि सत्यन गजवानी वाइस चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा डेविड ब्लिट्जर और वायरल पटेल भी इस कंसोर्टियम का हिस्सा हैं।
कुल मिलाकर, IPL 2026 की शुरुआत जहां सादगी और सम्मान के साथ होगी। वहीं, फाइनल के दिन एक भव्य समापन समारोह के जरिए फैंस को बड़ा तोहफा दिया जा सकता।