सोनी पल पर 'सुपरस्टार सिंगर' का धमाकेदार कमबैक, 13 अप्रैल से शुरू होगा संगीत सफर, सजेगी सुरों की महफिल...
नई दिल्ली: सोनी पल अपने दर्शकों के लिए एक बार फिर एंटरटेनमेंट का असली धमाका लेकर आ रहा है। पुराने किस्सों और कॉमेडी के साथ-साथ अब चैनल पर रियलिटी शोज का जादू भी चलने वाला है। दरअसल, 13 अप्रैल 2026 से 'सुपरस्टार सिंगर' का पहला सीजन फिर से शुरू हो रहा है।
यह शो सोमवार से शनिवार रात 8:30 बजे प्रसारित किया जाएगा। अगर आप संगीत के शौकीन हैं और नन्हे उस्तादों की जादुई आवाज को दोबारा सुनना चाहते हैं, तो यह आपके लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। इस शो ने पहले भी अपनी सादगी और बच्चों के बेमिसाल टैलेंट से करोड़ों दिलों को जीता है, और अब एक बार फिर वही यादें ताजा होने वाली हैं।
शो की सबसे बड़ी खासियत इसका फॉर्मेट और इसके जज हैं। संगीत की दुनिया के दिग्गज अलका याग्निक, हिमेश रेशमिया और जावेद अली 'सुपर जज' की कुर्सी संभालते नजर आएंगे, जबकि जय भानुशाली अपनी मजेदार होस्टिंग से शो में जान फूंक देंगे। बच्चों को निखारने की जिम्मेदारी नितिन कुमार, ज्योतिका तंगड़ी, सलमान अली और सचिन कुमार वाल्मीकि जैसे कप्तानों के कंधों पर है। इन कप्तानों की देखरेख में युवा टैलेंट को तराशा गया है, जिससे हर परफॉर्मेंस खास बन जाती है। कुल 24 एपिसोड्स के इस सफर में आपको संगीत के साथ-साथ ढेर सारे इमोशन्स और यादगार पल देखने को मिलेंगे, जो आपको अपनी कुर्सी से बांधे रखेंगे।
'ग्रैंड गाला प्रीमियर' से होगी शुरुआत
इस बार सोनी पल पर इसकी शुरुआत एक बहुत ही शानदार 'ग्रैंड गाला प्रीमियर' से होगी, जहाँ शो के सबसे बेहतरीन पलों को फिर से दिखाया जाएगा। इतना ही नहीं, इस सीजन में आपको कई अलग-अलग थीम्स वाले एपिसोड्स भी मिलेंगे। चाहे वह 'द एपिक 90s' के सदाबहार गाने हों, 'मदर्स स्पेशल' का इमोशनल माहौल हो या फिर 'गणपति स्पेशल' की धूम, हर एपिसोड में कुछ नया होगा। दिग्गज कलाकारों को दिए गए ट्रिब्यूट संगीत के इस सफर को और भी गरिमापूर्ण बनाते हैं। तैयार हो जाइए, 13 अप्रैल से हर रात 8:30 बजे उन नन्हे कलाकारों की गायकी सुनने के लिए, जो संगीत की दुनिया का भविष्य हैं।