आज बाबतपुर के पास आउटर पर चलती ट्रेन के नीचे आया बुजुर्ग, लोको पायलट की तत्परता से बची जान, 15 मिनट रुकी रही ट्रेन...
पिंडरा (वाराणसी), ब्यूरो। बाबतपुर स्टेशन के आउटर पर बुधवार को सुबह एक बुजुर्ग एसजेवी पैसेंजर के इंजन के नीचे आ गए। लोको पायलट की तत्परता से हादसा टल गया।
आरपीएफ के जवानों ने बुजुर्ग को सकुशल बाहर निकाला। इस दौरान ट्रेन लगभग 15 मिनट तक खड़ी रही। परिजनों के अनुसार उनकी मानसिक दशा ठीक नहीं है।
सिंधोरा थाना क्षेत्र के भानपुर निवासी 62 वर्षीय कल्लू पटेल रेल पटरी से पैदल गुजर रहे थे। इसी दौरान यहां से गुजर रही सुल्तानपुर-वाराणसी (एसजेवी) पैसेंजर के इंजन के नीचे आ गए। हालांकि ट्रेन का बाबतपुर स्टेशन पर स्टॉपेज होने से धीमी रफ्तार से चल रही थी।
समय रहते लोको पायलट ने आपात ब्रेक लगा दिया। मौके पर पहुंचे आरपीएफ के जवानों ने उन्हें इंजन से बाहर निकाला। शरीर में कहीं कोई चोट के निशान नहीं मिले। पास से मिले कागज़ के आधार पर बुजुर्ग की पहचान हुई। इसकी सूचना परिजनों को दी गई।
मौके पर पहुंचे कल्लू पटेल के पुत्र अनिकेत ने बताया कि उसके पिता की मानसिक दशा ठीक नहीं है। उनका उपचार चल रहा है। वह सुबह बिना बताए घर से चले गए थे।