Headlines
Loading...
वैभव सूर्यवंशी को गेंद डालने में बॉलर्स घबरा रहे हैं; इरफान पठान ने खोलकर रख दिया 15 साल के खिलाड़ी का गेम प्लान, और कहा...

वैभव सूर्यवंशी को गेंद डालने में बॉलर्स घबरा रहे हैं; इरफान पठान ने खोलकर रख दिया 15 साल के खिलाड़ी का गेम प्लान, और कहा...

वैभव सूर्यवंशी 'वन सीजन वंडर' तो नहीं है, यह उन्होंने आईपीएल 2026 के शुरुआती चार मैचों में ही बता दिया है। 'वन सीजन वंडर' का मतलब होता है एक सीजन में धमाल मचाने के बाद फुस हो जाना। अकसर नए खिलाड़ी पहले सीजन में तो कमाल कर जाते हैं, मगर दूसरे सीजन में विपक्षी टीम उनके खिलाफ प्लान लेकर आती है और उनकी कमजोरी पर वार करती है। 

मगर अभी तक वैभव सूर्यवंशी के केस में ऐसा कुछ नजर नहीं आ रहा है। वह गेंदबाज को नहीं बल्कि गेंद को खेलते हैं। इस सीजन तो उन्होंने जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे दिग्गज गेंदबाजों को भी नहीं बख्शा। अब इरफान पठान ने वैभव सूर्यवंशी के गेमप्लान को लेकर अपनी थ्योरी बताई है।

वैभव सूर्यवंशी को लेकर इरफान पठान की थ्योरी

इरफान पठान का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी जानकर बड़े गेंदबाजों को टारगेट करते हैं, ताकि पूरी बॉलिंग टीम की हौसले पस्त हो जाए। अभी तक आईपीएल 2026 में ऐसा ही देखने को मिला है। मुंबई के खिलाफ वैभव ने बुमराह को तो आरसीबी के खिलाफ हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार को ऐसा करके दिखाया है।

स्टार स्पोर्ट्स द्वारा शेयर की गई वीडियो में इरफान पठान कहते नजर आ रहे हैं, "बॉलर्स घबरा रहे हैं उसको बॉलिंग डालने से, समझ नहीं आ रहा है। खराब बॉल नहीं है फिर भी मारता है, बड़ा बॉलर है तब भी मारता है।"

जानबूझकर बड़े गेंदबाज को टारगेट करते हैं वैभव सूर्यवंशी

उन्होंने आगे कहा, "मेरी एक थियोरी है, मुझे लगता है कि ये बंदा जो 15 साल का है, बड़े बॉलर्स को जानबूझकर टारगेट करता है। इसको लगता है अच्छा भाई आप मंझे हुए बॉलर हो, बड़े बॉलर हो, मैं आपको ही टारगेट करूंगा। ये जानकर ऐसा करता है ताकि पूरी बॉलिंग यूनिट के हौसले पस्त हो जाए।"

कैसा रहा RR vs RCB मैच?

भारतीय क्रिकेट के 'धुरंधर' सूर्यवंशी के 26 गेंद में 78 रन की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के मैच में शुक्रवार को गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को छह विकेट से हराकर अपना अश्वमेधी अभियान जारी रखा। उनकी उम्र के बाकी बच्चे जहां दसवीं बोर्ड के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, वहीं बिहार के समस्तीपुर के 15 वर्ष के इस लड़के ने आरसीबी जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य के जवाब में रॉयल्स को दो ओवर बाकी रहते एकतरफा जीत दिलाई। ध्रुव जुरेल ने 43 गेंद में नाबाद 81 रन बनाकर 'फिनिशर' की भूमिका बखूबी निभाई।

रॉयल्स को एक बार फिर धमाकेदार शुरूआत दी सूर्यवंशी ने जो इस सत्र में नामी गिरामी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने में तनिक भी नहीं हिचकिचा रहे हैं। पिछले मैच में जहां उन्हें जसप्रीत बुमराह का मानमर्दन किया तो इस बार जोश हेजलवुड की बारी थी। टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज हेजलवुड की गेंदों पर सूर्यवंशी ने लगातार तीन चौके जड़े। वहीं तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह की गेंद पर लांग आन सीमा के ऊपर 80 मीटर का छक्का लगाया। उन्होंने 78 रन की अपनी पारी में 74 रन 15 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों के साथ बनाये।

जुरेल और सूर्यवंशी ने दूसरे विकेट के लिये 6.1 ओवर में 108 रन जोड़े। जुरेल ने अभिनंदन को खासी नसीहत देते हुए उनके एक ओवर में 24 रन बनाये। क्रिकेट जगत में जहां 200 के स्ट्राइक रेट की बात होती है, सूर्यवंशी ने 300 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये। ऐसा लग रहा है मानो वह रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराने ही नहीं बल्कि आक्रामक बल्लेबाजी की नयी परिभाषा गढने के इरादे से मैदान पर उतरते हैं।

इससे पहले रजत पाटीदार की कप्तानी पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने विकेटों के पतन के बीच आठ विकेट पर 201 रन बनाये। पाटीदार ने 40 गेंद में चार छक्कों और चार चौकों की मदद से 63 रन बनाये। एक समय पर आरसीबी के छह विकेट 94 रन पर गिर गए थे जिसके बाद उन्होंने मोर्चा संभाला। चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली ( 16 गेंद में 32 रन ) समेत गत चैम्पियन आरसीबी के सभी बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के प्रयास में आउट हो गए। आखिरी ओवरों में इंपैक्ट सब वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंद में 29 रन बनाये जिसमें संदीप शर्मा के आखिरी ओवर में 21 रन बने।