Headlines
Loading...
जब मनु भाकर से पूछा गया 15 साल के वैभव सूर्यवंशी से जुड़ा सवाल, सोशल मीडिया पर मच गया हंगामा...

जब मनु भाकर से पूछा गया 15 साल के वैभव सूर्यवंशी से जुड़ा सवाल, सोशल मीडिया पर मच गया हंगामा...

15 साल के वैभव सूर्यवंशी इस समय क्रिकेट जगत में सनसनी बने हुए हैं। यूथ क्रिकेट के बाद वे फिर से आईपीएल में उतरे हैं और लगातार अपनी छाप छोड़ रहे हैं। इस बीच ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर से वैभव सूर्यवंशी को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने इसका जवाब भी दिया, लेकिन एक वर्ग को लगता है कि एक शूटर से क्रिकेटर के बारे में इस तरह का सवाल पूछा जाना उचित नहीं है। हालांकि, इसमें कोई नई बात नहीं है कि दूसरे खेल से जुड़े लोगों से क्रिकेट के बारे में पूछा जाता है, लेकिन इस केस में सोशल मीडिया पर हंगामा मचा हुआ है।

दरअसल, सोमवार को नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया यानी एनआरएआई की 75वीं वर्षगांठ के जश्न के मौके पर दिल्ली में मनु भाकर ने वैभव सूर्यवंशी से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, "मैं कहूंगी कि अगर मेंटरशिप अच्छी है, उसके आस-पास की कंपनी अच्छी है और आस-पास के लोग अच्छे हैं, तो उम्र सिर्फ एक नंबर है। और टैलेंट की कोई उम्र नहीं होती। 60 की उम्र में बड़ी चीज़ें होती हैं, वे छह साल की उम्र में होती हैं। इसलिए अगर उसके आस-पास के लोग उसे अच्छी तरह से मेंटर करते हैं और उसे सही तरीके से गाइड करते हैं, तो मुझे यकीन है कि वह अगला बड़ा स्टार बनेगा।"
2024 पेरिस ओलंपिक में दो ब्रॉन्ज मेडल जीतने वालीं मनु भाकर का यह बयान भले ही उतना चर्चा में नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसको लेकर हंगामा है। मनु से पूछे गए सवाल पर KKR टीम के पूर्व डायरेक्टर जॉय भट्टाचार्य ने X पर लिखा: "दोस्तो, वह एक ओलंपिक मेडलिस्ट हैं। उनसे यह पूछना कि वह वैभव सूर्यवंशी के बारे में क्या सोचती हैं, उनकी उपलब्धियों और उनके खेल के साथ नाइंसाफी है। 

वैसे भी क्रिकेट देश का सबसे बड़ा जुनून है; आपके स्पोर्ट्स एडिटर्स को सूर्यवंशी पर हेडलाइन बनाने के लिए किसी और सेलिब्रिटी कोट की जरूरत नहीं है। आप चाहें तो अगली बार वैभव सूर्यवंशी से मनु भाकर के बारे में पूछ सकते हैं और देख सकते हैं कि आपको क्या जवाब मिलता है।"

एक और यूजर ने लिखा, "रुको... ओलंपिक मेडलिस्ट शूटर मनु भाकर से क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के बारे में पूछा गया। यह किस तरह की पत्रकारिता है? क्या कभी किसी क्रिकेटर से उभरते शूटर्स के बारे में पूछा गया?"

क्रिकेट से जुड़े एक एक्स हैंडल ने लिखा, "ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर से वैभव सूर्यवंशी के बारे में पूछा गया। यह पूछना थोड़ा बेमतलब लगा, खासकर इसलिए क्योंकि ऐसे सवाल शायद ही कभी उल्टे तरीके से पूछे जाते हैं।" कुछ और भी यूजर हैं, जो इस बात से नाराज हैं कि शूटर से क्रिकेटर के बारे में क्यों पूछा गया।
दूसरे सोशल मीडिया यूज़र्स ने कमेंट किया कि क्रिकेटरों से दूसरे फील्ड के खिलाड़ियों के अचीवमेंट्स के बारे में बहुत कम पूछा जाता है या पूछा ही नहीं जाता है। 

वैभव सूर्यवंशी की बात करें तो वह क्रिकेट की दुनिया में सुर्खियां बटोर रहे हैं। वह एक स्टार बन चुके हैं। वे 1,000 T20 रन तक पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं और इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में दो शतक लगाने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा भी कई उपलब्धियां वे अपने नाम कर चुके हैं।