पीएम मोदी के मंच पर 25 महिलाओं को जगह, वाराणसी में स्टेज पर योगी के अलावा सिर्फ BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष रहेंगे...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कल मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का 54वां दौरा होने जा रहा है। यह दौरा कई मायनों में खास बनने जा रहा है। दौरे के केंद्र बिंदु में नारी शक्ति वंदन अधिनियम है। बरेका इंटर कॉलेज में आयोजित जनाक्रोश महिला सम्मेलन में मंच से दर्शक दीर्घा तक में सिर्फ महिलाओं की भागीदारी होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा सभी महिलाएं मंच साझा करेंगी। अन्य पुरुष जनप्रतिनिधियों और नेताओं को वीआईपी गैलरी में बैठाया जाएगा।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री का काशी दौरा मातृशक्ति को समर्पित होगा। सम्मेलन स्थल पर हर वर्ग की महिलाओं की मौजूदगी का प्रयास जारी है। व्यवस्था में जुटे कार्यकर्ताओं को छोड़ किसी पुरुष की कार्यक्रम एंट्री नहीं होगी। प्रधानमंत्री के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और 25 महिला जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहेंगी।
इनमें प्रधान, पार्षद, सभासद, जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्य शामिल होंगी। कई पूर्व महिला जनप्रतिनिधियों को भी मौका मिल सकता है। क्षेत्रीय अध्यक्ष औऱ महानगर अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करने वाली महिलाओं का चयन शुरू दिया है। आयोजकों का दावा है कि प्रधानमंत्री का 54वां काशी दौरा सरकार के प्रति महिला समर्थन और विपक्ष के खिलाफ आक्रोश का व्यापक मंच बनेगा।
लाइजनिंग से मंच तक की कमान महिलाओं के हाथ में
कार्यक्रम स्थल पर लाइजनिंग से मंच तक की कमान महिला कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों के हाथों में होगी। कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था महिला पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। वाराणसी के अलावा आसपास के जिलों की पुलिस फोर्स बुलाई गई है।
हर पार्षद अपने वार्ड से 100 महिलाएं लाए
गुलाब बाग (सिगरा) स्थित कार्यालय में रविवार को महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने पार्षदों और पूर्व पार्षदों की बैठक की। कहा कि जनाक्रोश महिला सम्मेलन में हर पार्षद अपने वार्ड से सौ महिलाएं लेकर पहुंचे। महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि हमारी पहचान संगठन से है। हमें उसकी अपेक्षा पर खरा उतरना होगा।
घर-घर महिलाओं को कर रहे आमंत्रित
रोहनियां स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रविवार को पदाधिकारियों की बैठक की। इसमें जनाक्रोश महिला सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। कहा कि सम्मेलन में 50 हजार महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए महिला मोर्चा की टीमें जिले और महानगर की सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर संपर्क करें। बैठक में सीटिंग, वाहन पार्किंग, पेयजल, मीडिया और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।
महिलाओं के बीच में गोल्फकार्ट से जाएंगे मोदी
बरेका इंटर कॉलेज में जनाक्रोश महिला सम्मेलन के मंच पर जाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंडाल में बैंठी महिलाओं के बीच गोल्फकार्ट से जाएंगे। महिलाओं के बैठने के लिए 42 ब्लॉक बनाए गए हैं। पूरे पंडाल को छह सेक्टर में बांटा गया है। गोल्फकार्ट से प्रधानमंत्री पंडाल में करीब 12 फीट चौड़े कॉरिडोर से हर सेक्टर में महिलाओं से संवाद करेंगे। इससे पहले संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित सम्मेलन में भी वह गोल्फकार्ट से महिलाओं के बीच गए थे।