भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पहली बार 28 अप्रैल को वाराणसी आएंगे, भव्य स्वागत की हो रही तैयारी...
वाराणसी, ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 अप्रैल को पहली बार वाराणसी आएंगे। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए पार्टी के पदाधिकारियों ने पूरी तैयारी की है। पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रविवार को बताया कि नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 अप्रैल को पूर्वान्ह लगभग 11 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुचेंगे। जहाँ उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे से काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने जाएंगे। तत्पश्चात बरेका में आयोजित विशाल महिला सम्मेलन में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के लिए बाबतपुर हवाई अड्डे से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर कें यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्वागत होगा। इन स्वागत प्वाइंट पर भाजपा कार्यकर्ता ढोल नगाडे के साथ पुष्प वर्षा कर अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए बनाए गये प्रमुख स्थानों में बाबतपुर एयरपोर्ट, शिवपुर, अतुलानंद, पुलिस लाइन तिराहा, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन एवं काशी विश्वनाथ मंदिर प्रमुख है। बताते चले, प्रधानमंत्री मोदी के इस कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल होंगे।