पटना में लड़की परोसी गई, नेता बेटियों की बोली लगा रहे; पप्पू यादव ने फिर किए सनसनीखेज दावे, 30 अप्रैल महिला आयोग को देंगे साक्ष्य...
बिहार के पूर्णिया जिले से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने एक बार फिर बड़ा दावा कर दिया है। अब पप्पू यादव ने कहा है कि पटना में हॉस्टल की लड़कियां पदाधिकारियों को परोसी जाती हैं। इतना ही नहीं पप्पू यादव ने यह भी कहा कि नेता बेटियों की बोली लगा रहे हैं। दरअसल बुधवार को सांसद पप्पू यादव पूर्णिया जिले में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थें। यहां पप्पू यादव ने कुछ मोबाइल पर वीडियो क्लिप दिखाते हुए बड़े दावे किए हैं।
पप्पू यादव ने एक वीडियो क्लिप अपने मोबाइल पर दिखाते हुए कहा, ' अखबार के लोगों ने गर्ल्स हॉस्टल में स्टिंग ऑपरेशन किया। एक घटना नहीं है कई घटनाएं हैं। इसी तरह कई लड़कियां पकड़ाई। यह शोषण नेताओं के द्वारा और नेताओं के लिए है पूरा का पूरा।' इसके बाद एक अन्य क्लिप दिखाते हुए पप्पू यादव ने कहा कि यह पदाधिकारी, पटना और बड़े शहरों में पदाधिकारी को लड़की परोसा गया। हम कोई बात करते हैं तो मेरा अपना नहीं होता है। कानून के तहत है। कानून के तहत आपने स्टिंग ऑपरेशन किया है।
सांसद पप्पू यादव ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि महिलाओं के साथ लगातार शोषण हो रहा है। हाल में कई घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में महिलाओं और बच्चियों के साथ उत्पीड़न और शोषण की घटना पर आवाज उठाना गलत है? उन्होंने कहा कि आखिर कोई तो होगा जो बेटियों और महिलाओं के हो रहे शोषण के खिलाफ आवाज को बुलन्द करेगा। मैं भी मां का दूध पीकर बड़ा हुआ हूं। उसका कर्ज चुकाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि समाज में जो बेटियों के साथ अन्याय हो रहा है। इसे लेकर लगातार आवाज उठा रहा हूं। ऐसे में मुझपर सवाल उठाया जाना कहां तक उचित है।
पप्पू यादव ने देश के नेताओं से लेकर कई अलग-अलग क्षेत्रों में हो रहे बेटियों के साथ उत्पीड़न की कई अन्य घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कई नेताओं द्वारा बेटी की बोली लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि क्या इस तरह की घटनाओं पर महिला आयोग की नजर नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने किसी एक का भी व्यक्तिगत नाम नहीं लिया है। सिर्फ महिला और बेटी के साथ हो रहे उत्पीड़न शोषण पर रोक की बात कही है। पूर्णिया सांसद ने आगे कहा कि कोई भी महिला की रक्षा सिर्फ कानून से नहीं साहस और प्रयास से भी करने की जरूरत है। इन सभी को शोषण और उत्पीड़न के के खिलाफ आगे आने की जरूरत है।
पप्पू यादव पर दायर करेंगे मानहानि का मुकदमा - महिला आयोग
आपको बता दें कि अभी हाल ही में सांसद पप्पू यादव ने अपने एक अन्य दावे में कहा था कि नेताओं के कमरे में गए बगैर 90 फीसदी महिलाएं राजनीति नहीं कर सकती हैं। उनके इस बयान पर काफी हंगामा मचा था। इसी कड़ी में बीते मंगलवार को पप्पू यादव द्वारा राजनीति में आने वाली महिलाओं पर गलत बयान देने के कारण महिला आयोग ने उसे स्वत: संज्ञान लेकर पप्पू यादव से स्पष्टीकरण मांगा था। लेकिन, बुधवार को ही पप्पू यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से महिला आयोग के नोटिस को कचरे के डिब्बे में डाल दिया। इसकी जानकारी महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि पप्पू यादव ने आयोग के नोटिस को कचरे के डिब्बे में डालकर आयोग के अध्यक्ष पर अमर्यादित टिप्पणी की। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष के साथ अध्यक्ष की तस्वीर साझा की और अव्यवहारिक टिप्पणी की। पप्पू यादव के इस अमर्यादित टिप्पणी को एक बार फिर स्वत: संज्ञान में महिला आयोग ने लिया है। जारी नोटिस में कहा गया है कि महिला आयोग की अध्यक्ष की गरिमा को ठेस पहुंची है। इसको देखते हुए मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा। साथ में महिला आयोग में पप्पू यादव को 30 अप्रैल को साक्ष्य के साथ प्रस्तुत होने का निर्देश दिया है।