वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सुंदरपुर इलाके में देह व्यापार के अड्डे का किया भंडाफोड़, 4 युवक, दो युवतियां गिरफ्तार...
वाराणसी, 19 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के चितईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर इलाके में रविवार को पुलिस ने देह व्यापार के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया।
वाराणसी कमिश्नरेट की एसओजी-2 टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक मकान में छापेमारी कर चार युवकों और दो युवतियों को आपत्तिजनक अवस्था में गिरफ्तार किया। भेलूपुर एसीपी ने इसकी पुष्टि की।
पुलिस के अनुसार, सुंदरपुर स्थित दीपक सिंह नामक व्यक्ति के आवास पर लंबे समय से अवैध गतिविधियों के संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। स्थानीय निवासियों द्वारा भी कई बार इस संबंध में सूचना दी गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओजी-2 टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके से प्रतिबंधित शक्तिवर्धक दवाएं और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।