Headlines
Loading...
आज गाजीपुर में पीड़ित परिवार से मिला सपा डेलिगेशन, सौंपा 5 लाख रुपये का चेक,अखिलेश यादव का कार्यक्रम टला...

आज गाजीपुर में पीड़ित परिवार से मिला सपा डेलिगेशन, सौंपा 5 लाख रुपये का चेक,अखिलेश यादव का कार्यक्रम टला...

ब्यूरो, गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में करंडा इलाके के कटारिया गांव में हुई विश्वकर्मा समाज की युवती की मौत को लेकर राजनीति गर्माई हुई है। इस मामले में आज मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। 

सपा के चार सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल में पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, विधायक जयकिशन साहू, महिला सभा की अध्यक्ष सीमा राजभर और रीता विश्वकर्मा शामिल थीं। मुलाकात के दौरान सपा प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के तौर पर 5 लाख रुपये का चेक सौंपा।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुलाकात की तस्वीर अपने फेसबुक पेज पर शेयर करते हुए लिखा, 'गाजीपुर के पीड़ित परिवार को हमारे पूरे पीडीए समाज ने मिलकर एक समुदाय के रूप में 5 लाख रुपये एकत्र कर इस कठिन घड़ी में मदद की है। मुझ इस बात की खुशी है कि हमारा डेलिगेशन उस पीड़ित परिवार से मिला, लेकिन न्याय की बात अभी भी अधूरी है। परिवार को न्याय मिले और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर जो झूठे मुकदमे लगे हैं, वह वापस लिए जाएं।'

'युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर शक'

वहीं, मुलाकात के बाद पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि युवती के पिता और पीड़ित परिवार की मांग है कि उन्हें न्याय मिलना चाहिए। मृतक युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी हमें शक है और इस बारे में अधिकारियों को जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि बातचीत की पूरी रिपोर्ट सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को दी जाएगी।

गाजीपुर आने का अखिलेश यादव का कार्यक्रम टला

इस बीच एक बड़ी खबर यह है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव का 29 अप्रैल को गाजीपुर आने का कार्यक्रम टल गया है। अखिलेश यादव पीड़ित परिवार से मिलने के लिए आने वाले थे। अखिलेश यादव के निजी सचिव ने प्रशासन को पत्र लिखकर सूचना दी है कि गाजीपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य होने पर पीड़ित परिवार से मुलाकात का समय तय किया जाएगा।