80 लाख का पैकेज, गुपचुप की थी शादी; बेंगलुरु के इस कपल ने क्यों कर ली आत्महत्या, जानें...
बैंगलुरु में एक बेहद दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। कोथनूर इलाके में एक दंपती ने कुछ ही समय के अंतराल में आत्महत्या कर ली। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और दोनों की मौत के पीछे के कारणों को समझने की कोशिश कर रही है। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय भानु चंदर रेड्डी और उनकी पत्नी 31 वर्षीय बीबी शाजिया सिराज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह रेड्डी का शव उनके फ्लैट के एक बंद कमरे में मिला। इसके कुछ ही मिनट बाद उनकी पत्नी शाजिया ने उसी आवासीय परिसर की 18वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।
पुलिस के मुताबिक, शाजिया सुबह करीब 7:30 बजे अपनी नाइट शिफ्ट से घर लौटी थीं। घर पहुंचने पर जब उनके पति ने दरवाजा नहीं खोला तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने बिल्डिंग के सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर रेड्डी का शव मिला और पास ही एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ।
जांच में सामने आया है कि रेड्डी कुछ समय से बीमार चल रहे थे और घर पर ही रह रहे थे। सुसाइड नोट में उन्होंने नौकरी छूटने और बढ़ती मानसिक चिंता को आत्महत्या का कारण बताया है। बताया जा रहा है कि वह पहले अमेरिका में काम करते थे और करीब 80 लाख रुपये सालाना का पैकेज था, लेकिन नौकरी जाने के बाद वह काफी तनाव में आ गए थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रेड्डी ने नौकरी खोने के बाद नई नौकरी पाने की काफी कोशिश की लेकिन असफल रहे। इससे उनकी मानसिक स्थिति और खराब हो गई। हालांकि, परिवार और उनकी पत्नी उनका पूरा सहयोग कर रहे थे।
घटना के समय शाजिया कुछ देर तक वहीं मौजूद रहीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 20 मिनट बाद जब आसपास लोग इकट्ठा हो गए और हंगामा बढ़ गया तो वह चुपचाप वहां से निकल गईं। इसके बाद वह लिफ्ट से 18वीं मंजिल पर पहुंचीं और वहां से कूद गईं।
यह दंपती करीब ढाई साल से विवाहित था, लेकिन उन्होंने अपनी शादी को काफी निजी रखा था। बताया जा रहा है कि रेड्डी के परिवार को ही इस विवाह की जानकारी थी, जबकि शाजिया ने अपने परिवार को इसके बारे में नहीं बताया था। पहले यह दंपती हैदराबाद में रह रहा था, लेकिन निजी कारणों और परिस्थितियों के चलते करीब आठ महीने पहले बेंगलुरु आ गया था।
शाजिया IBM में कार्यरत थीं, जबकि रेड्डी नौकरी खोने के बाद नए अवसर तलाश रहे थे। पुलिस का कहना है कि यह मामला मानसिक तनाव और व्यक्तिगत परिस्थितियों से जुड़ा प्रतीत होता है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।