Headlines
Loading...
चार साल तक छिपा रहा पत्नी का हत्यारा पूर्व कैप्टन, LPG सिलेंडर बुक करते ही पुलिस को मिली लोकेशन, हुआ गिरफ्तार...

चार साल तक छिपा रहा पत्नी का हत्यारा पूर्व कैप्टन, LPG सिलेंडर बुक करते ही पुलिस को मिली लोकेशन, हुआ गिरफ्तार...

चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने भारतीय सेना के पूर्व कैप्टन को पत्नी की हत्या के मामले में 4 साल की लंबी तलाश के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप तोमर की गिरफ्तारी मध्यप्रदेश के पांढुर्ना जिले से हुई है। पुलिस आरोपी के बैंक ट्रांजैक्शन पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान उसने एक एलपीजी सिलेंडर बुक किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पत्नी की हत्या के मामले में 2022 में उसकी सजा को बरकरार रखा था। इसके बाद आरोपी फरार हो गया था।

पैन कार्ड की जांच करने पर मिला सुराख

यह पूरी जांच तब शुरु हुई जब संदीप तोमर के ससुर ने उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए कोर्ट में एक अर्जी दायर की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए एसपी आसवंत सिंह के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने नेशनल इंटेलिजेंस ग्रिड के साथ मिलकर जांच की और आरोपी का असली पैन कार्ड ढूंढ़ निकाला। इसके बाद पुलिस ने पैन कार्ड का इस्तेमाल आरोपी से जुड़े बैंक खातों की पहचान करने के लिए किया। जांच में पुलिस को 
आरोपी का एक बैंक अकाउंट मिला।

* सेना के पूर्व कैप्टन पर पत्नी की हत्या का था आरोप, कोर्ट के सजा सुनाने पर हो गया फरार।
* एलपीजी सिलेंडर बुक करने पर पुलिस को आरोपी की मिली लोकेशन।
* पुलिस आरोपी के बैंक ट्रांजैक्शन की रख रही थी निगरानी।
* पंजाब पुलिस ने 4 साल बाद आरोपी को मध्य प्रदेश से किया गिरफ्तार।

बैंक स्टेटमेंट की जांच करने पर हुआ खुलासा

पुलिस को बैंक अकाउंट की जांच करने पर पता चला कि एक प्राइवेट कंपनी हर महीने उसके खाते में सैलरी जमा करती थी। बैंक अकाउंट से एक मोबाइल नंबर भी जुड़ा हुआ था, जिससे यह साबित हो गया कि आरोपी पांढुर्ना जिले में मौजूद है। बैंक स्टेटमेंट की और जांच करने पर पुलिस को भारत गैस के एक एलपीजी सिलेंडर के लिए किए गए लेन-देन का पता चला। इसके बाद जब पुलिस ने गैस एजेंसी से संपर्क किया तो पुलिस को उसके किराए के मकान के बारे में पता चला जहां गैस की डिलेवरी की गई थी। पुलिस ने अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

साल 2022 में आरोपी हुआ था फरार

आरोपी को मध्य प्रदेश पुलिस की मदद से अब वापस पंजाब लाया गया है। बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के डर से वह देश के अलग-अलग हिस्सों में छिपा रहा। आरोपी संदीप तोमर 12 बिहार रेजिमेंट में था और अबोहर छावनी में तैनात था। संदीप तोमर को 2014 में अपनी पत्नी श्वेता की गला घोंटकर हत्या करने और उसे सुसाइड दिखाने की कोशिश के आरोप में दोषी ठहराया गया था। कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई, उसे सेना से बर्खास्त कर दिया गया और वह फिरोजपुर जेल में बंद था। उसे साल 2019 में जमानत मिल गई थी। लेकिन पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने 2022 में उसकी सजा को बरकरार रखने का फैसला सुनाया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया था।