बुमराह के पहले ओवर में सूर्यवंशी की धमाकेदार शुरुआत से दबाव कम हुआ: जायसवाल...
वैभव सूर्यवंशी ने पहले ओवर में जिस सहजता से जसप्रीत बुमराह का सामना किया उससे राजस्थान रॉयल्स के उनके साथी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी हैरान थे और उन्होंने कहा कि इससे उन पर दबाव कम हो गया था।
राजस्थान रॉयल्स ने बारिश से प्रभावित इस मैच में मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराया जिसमें जायसवाल और 15 वर्षीय सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत करके जीत की नींव रखी थी।
मैच से पहले चर्चा का विषय दिग्गज तेज गेंदबाज बुमराह और युवा सनसनी सूर्यवंशी के बीच मुकाबला था क्योंकि वह पहली बार आमने-सामने थे। सूर्यवंशी ने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए बुमराह की 131 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गई गेंद पर मिड-ऑन के ऊपर से छक्का लगा दिया।
जायसवाल ने मैच के बाद मीडिया से कहा कि, ''उसने पहली गेंद पर ही छक्का जड़ा और मैंने उससे कहा कि वह अपने शॉट्स खेलता रहे।''
जायसवाल ने 32 गेंद पर नाबाद 77 रन बनाए जिससे राजस्थान ने बारिश के कारण 11 ओवर के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 150 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम नौ विकेट पर 123 रन ही बना पाई। मुंबई को इस तरह से लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, जबकि राजस्थान रॉयल्स तीन मैचों में तीन जीत के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है।
बिहार के बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी को 2025 आईपीएल की मेगा नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने पिछले सत्र में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 35 गेंदों में शतक बनाकर टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में और आईपीएल इतिहास में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था।