मीरजापुर में विवाहिता की मौत के मामले में हुए आरोपित पति और जेठ गिरफ्तार, भेजे गए जेल..
चुनार (मीरजापुर)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ गांव में गुरुवार को वंदनी विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटककर हुई मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया।
इस संबंध में कोतवाल विजयशंकर सिंह पटेल ने बताया कि वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र के बभनियाव निवासी मृतका के भाई मनीष विश्वकर्मा की तहरीर पर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान रविवार को कोतवाल, अपराध निरीक्षक सत्येंद्र यादव, एसआई सरोज चौबे व शिवप्रकाश सिंह ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपित पति सिंटू विश्वकर्मा और जेठ पुनवासी विश्वकर्मा पुत्र माता प्रसाद विश्वकर्मा निवासी रामगढ़ को सीखड़ ऑटो स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया।
उनकी निशानदेही पर छुपा कर रखा गया डंडा भी बरामद किया गया जिसका हत्या में प्रयोग किया गया था। आरोपित पति के विरुद्ध राजातालाब थाने में पहले भी मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। रामगढ़ निवासी वंदनी विश्वकर्मा की शादी सिंटू विश्वकर्मा से हुई थी और वह अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। उसी मकान में सिंटू के अन्य भाइयों का परिवार भी रहता है।
गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव साड़ी के सहारे पंखे से लटका मिला था। घटना के बाद ससुराल पक्ष ने शव को नीचे उतारकर मायके वालों को सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतका के भाई मनीष ने पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन करते हुए जांच शुरू की थी।