प्रधानमंत्री मोदी के दौरा की तैयारियों को लेकर आज होगी बैठक,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वाराणसी पहुंचे...
प्रधानमंत्री 28 काे वाराणसी में महिला सम्मेलन काे करेंगे संबाेधित बनारस लोकोमोटिव वर्क्स में करोड़ों की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास
वाराणसी, 24 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दो दिवसीय वाराणसी दौरे की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। प्रधानमंत्री की जनसभा (विशाल महिला सम्मेलन) की तैयारी के लिए शुक्रवार को बैठक हाे रही है। इस बैठक में भाग लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी भी दोपहर में सर्किट हाउस पहुंच गए हैं।
इससे पहले बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पार्टी के नेताओं ने क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल के नेतृत्व में स्वागत किया। एयरपोर्ट पर स्वागत करने वाले अन्य नेताओं में पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह विधायक, शैलेंद्र किशोर पांडेय, पवन सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, लाल बहादुर सिंह, वरुण कुमार सिंह, रवि प्रकाश सिंह, पार्टी के प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पाण्डेय आदि भी शामिल रहे।
दरअसल, प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को बरेका में एक विशाल महिला सम्मेलन काे संबाेधित करने वाले है। इस सम्मेलन की सफलता, सुरक्षा, और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रदेश अध्यक्ष बैठक में रणनीति तैयार करने के साथ आवश्यक दिशा निर्देश भी देंगे। सम्मेलन में 50 हजार महिलाओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
इस सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री मोदी 28 अप्रैल को काशी में बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बरेका) में करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री का उस दिन रात्रि विश्राम भी काशी में करने का कार्यक्रम है।
29 अप्रैल को पूर्वांह प्रधानमंत्री तिब्बती संस्थान रिंपा सेंगपा अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और फिर हरदोई में गंगा एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के लिए रवाना होंगे।