वाराणसी::कोतवाली थाने में शुक्रवार को पूछताछ के लिए लाया गया दुष्कर्म व धर्म परिवर्तन कराने का आरोपी युवक पुलिस को चकमा देकर भागा..
वाराणसी, ब्यूरो। कोतवाली थाने में शुक्रवार को पूछताछ के लिए लाया गया दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन कराने का आरोपी युवक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। युवती की तहरीर पर पुलिस ने युवक, उसकी मां, पिता और भाई पर दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन कराने, मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज किया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र की युवती शादी समारोह में वेटर का काम करती है। अप्रैल 2024 में एक विवाह समारोह में रसूलपुर (हरहुआ) के आफताब अंसारी से मुलाकात हुई। वह युवक-युवतियों को वेटर के तौर पर काम दिलवाता था। युवती के अनुसार काम दिलवाने के बहाने उसने फोन नंबर ले लिया।
खुद का नाम अमित कुमार बताकर दोस्ती कर ली। कैंट स्टेशन के पास स्थित होटल में ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया। युवती और उसके परिवारवालों का विश्वास जीतकर 25 मार्च 2025 को चौकाघाट स्थित काली मंदिर से शादी की। उस दौरान 4-5 परिचितों को अपने घर का सदस्य बता मिलवाया। शादी में उसे एक लाख नगद एवं एक लाख का सामान दिया गया था।
शादी के बाद आरोपी घर ना ले जाकर नई बस्ती (लहरतारा) में किराये के कमरे में रखा। कुछ दिन बाद असलियत खुलने पर युवती ने विरोध किया तो गाली गलौज और मारपीट करने लगा। धर्म परिवर्तन का दबाव देने लगा। उसे रसूलपुर स्थित घर ले गया। वहां युवक के पिता नवी रसूल एवं मां गंगाजली, भाई मिट्ठू अंसारी ने भी एक माह तक बंधक बनाकर प्रताड़ित किया।
वे धर्म बदलने का दबाव बनाते थे। मिट्ठू ने भी उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। वहां पता चला कि दोनों भाई लड़कियों को फंसाकर दुष्कर्म करते हैं, फिर बेच देते हैं। मिट्ठू का मुंबई आना-जाना है। वे उसे भी मुंबई भेजने की फिराक में थे। 28 सितंबर 2025 को वह किसी तरह भागकर मायके आई और पूरी बात बताई।
इसके बाद भी आरोपी फोन कर धमकी देता है। बाहर निकलने पर इशारे से अनजान लोगों से पहचान कराता है। इस प्रकरण में युवती ने अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय) के यहां गुहार लगाई थी। पुलिस अधिकारी ने कोतवाली थाने भेजा था। इसी मामले में पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी कि वह शाम को अचानक भाग गया।