सिगरा क्षेत्र की युवती को शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराने और नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म का मामला, आरोपी गिरफ्तार, गया जेल...
वाराणसी, ब्यूरो। सिगरा क्षेत्र की युवती को शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराने और नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। सिगरा पुलिस ने आरोपी युवक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि युवती के परिजनों ने 21 अप्रैल को उसके गुम होने की शिकायत की थी। अगले ही दिन पुलिस ने उसे ढूंढ़कर परिजनों को सौंप दिया।
इसके बाद परिजनों ने फिर तहरीर दी। बताया कि युवती ने घर पर बताया कि नदेसर के गोसियाना मोहल्ले के मो. रुस्तम ने उसका धर्म परिवर्तन कराकर दुष्कर्म के बाद शादी कराने की कोशिश की।
परिजनों ने बताया कि धटना के दिन भाई जब उसे विद्यालय छोड़कर घर चला गया, तभी मो. रुस्तम आया। उससे पहले से बातचीत थी। उसने घुमाने के बहाने बहलाकर साथ ले गया। शादी की बात कहते हुए आंबेडकर नगर ले गया। वहां एक मजार पर पानी पिलाने के बहाने नशीला पदार्थ पिला दिया।
जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराकर नाम आफरीन बानो रख दिया। उसी दिन फर्जी नाम से आधार कार्ड बनवाकर उसके ही नाम से होटल में कमरा लिया और वहां दुष्कर्म किया। इस दौरान युवती बेहोश हो गई।यही नहीं अगले दिन जबरन आंबेडकर नगर कचहरी ले जाकर फर्जी कागजात के आधार पर कोर्ट मैरिज करने जा रहा था। उसी समय शोर मचाने पर एक अधिवक्ता को शक हुआ। अधिवक्ता ने पूछताछ शुरू की तो रुस्तम भाग गया।
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में इंस्पेक्टर संजय मिश्रा के अलावा लल्लापुरा चौकी प्रभारी शिवम मिश्रा, कांस्टेबल अमित यादव, मंतोष, गोविंद, अनिल कुमार पटेल थे।