राजधानी पटना में ज्वेलरी शाॅप लूट केसः तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना, कहा कि...
पटना,राज्य ब्यूरो।बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र स्थित धनजी कॉलोनी में लूट की एक बड़ी वारदात को अपराधियों ने अंजाम दिया। इस वारदात के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है।
जुबान से ही क्राइम का खात्मा करेंगे या जाति ढूंढेंगे-तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा-बिहार में बीजेपी के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज! अब नए नवेले मुख्यमंत्री जुबान से ही अपराध खत्म कर देंगे या फिर अपराधियों को खोजने से पूर्व उनकी जाति ढूंढेंगे, तदनुसार प्रतिकूल और अनुकूल बयान जारी किया जाएगा।
पटना में सोने की बड़ी लूट !
बिहार में बीजेपी के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज !
अब नए नवेले मुख्यमंत्री जुबान से ही अपराध खत्म कर देंगे या फिर अपराधियों को खोजने से पूर्व उनकी जाति ढूंढेंगे, तदनुसार प्रतिकूल और अनुकूल बयान जारी किया जाएगा।
#Bihar #Loot #crime pic.twitter.com/owgHuj1eYj
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) April 19, 2026
पांच की संख्या में आये अज्ञात अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया
इससे पहले रविवार को पटना स्थित श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स में पांच की संख्या में आये अज्ञात अपराधियों ने पिस्टल के दम पर करीब 20 लाख रुपये के गहने लूट लिये। घटना के दौरान डकैती का विरोध करने पर अपराधियों ने दुकान के मालिक धनंजय कुमार पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के समय दुकान में तीन ग्राहक थे मौजूद
पीड़ित दुकानदार के अनुसार, घटना के समय दुकान में तीन ग्राहक मौजूद थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच अपराधी पहुंचे, जो हेलमेट पहने हुए थे। दुकान में प्रवेश करते ही उन्होंने सभी को गन पॉइंट पर लेकर एक कोने में बंधक बना लिया। अपराधियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से तिजोरी और काउंटर में रखे करीब 100 ग्राम सोने के जेवरात और 3 से 4 किलोग्राम चांदी के आभूषण समेट लिए। महज पांच मिनट में डकैती को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अपराधियों की तलाश में जुटी है। पुलिस की ओर से दावा किया जा रहा है कि जल्द ही सभी अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित होगी।