'ज्ञान तो है नहीं...मुख्यमंत्री बन गए हैं लेकिन अब करेंगे क्या? CM सम्राट चौधरी पर बरसे तेजस्वी यादव, कहा कि...
राज्य ब्यूरो पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने महिला आरक्षण सहित तीनों विधेयकों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर बड़ा जुबानी हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने सीएम पर हमला बोलते हुए कहा है कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन गए हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि उन्हें यह बिल समझ में नहीं आया है।
तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा है कि, "इन लोगों को ज्ञान तो है नहीं मुख्यमंत्री बन गए हैं लेकिन अब करेंगे क्या? जो गुजराती भाई कहेंगे, वही करेंगे। इनको चलाने के लिए दिल्ली से PMO से लोग आ रहे हैं।"
महिलाओं के नाम पर करना चाहते थे परिसीमन- तेजस्वी यादव
नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महिलाओं की आड़ में ये लोग परिसीमन करना चाहते थे। तेजस्वी यादव ने कहा कि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूछिये कि तीन साल से ये बिल पास हो गया था तो राष्ट्रपति से साइन कर नोटिफाइड क्यों नहीं करवाया गया, इसे क्यों रखा गया, लागू क्यों नहीं किया गया।
महिला आरक्षण को लेकर नहीं है कोई विरोध- तेजस्वी यादव
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने स्पष्ट किया है कि महिला आरक्षण को लेकर कोई भी विरोध नहीं है, वो सर्वसम्मति से तीन साल पहले ही पारित हो गया है। ये तो परिसीमन कर सीटों की संख्या बढ़ाने की बात की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि वे लोग अपने हिसाब से सीट काटते, जहां विपक्ष मजबूत है, वहां चार बार सीट काटते।
शहर के साथ गांव की महिलाएं जाएं पर्लियामेंट- तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने अपनी बात दोहराते हुए कहा है कि, महिला का विरोध कौन करेगा, हम तो चाहते हैं कि महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण कर दीजिए। मगर, उनमें ओबीसी महिलाओं को जगह दीजिए। उन्होंने कहा कि केवल शहर में रहने वाली महिलाएं नहीं, बल्कि गांव में रहने वाली महिलाएं भी पार्लियामेंट जाएं, ऐसा बिल लाइये।