Headlines
Loading...
वाराणसी न्यूज: पीएम सिग्नेचर ब्रिज व एलिवेटेड रोड का कर सकते हैं शिलान्यास, साथ ही और भी कई परियोजनाओं का देंगे सौगात...

वाराणसी न्यूज: पीएम सिग्नेचर ब्रिज व एलिवेटेड रोड का कर सकते हैं शिलान्यास, साथ ही और भी कई परियोजनाओं का देंगे सौगात...

वाराणसी, ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रस्तावित काशी दौरे के दौरान 28 अप्रैल को बरेका में दोपहर बाद महिला सम्मेलन को संबोधित करने के साथ ही अपने संसदीय क्षेत्र काशी को दो महत्वपूर्ण नई परियोजनाओ की सौगात दे सकते हैं। 

इसमें रेलवे के लगभग 2600 करोड़ रुपये के सिग्नेचर ब्रिज समेत अन्य व लगभग 12000 करोड़ की लागत से बनने वाला एलिवेटेड रोड भी शिलान्यास की सूची में शामिल हो सकता है। हालांकि अभी इस पर मुहर लगनी शेष है। बताया जा रहा है मुख्यमंत्री के दौरे के बाद लोकार्पण व शिलान्यास की सूची को अंतिम रूप मिलेगा।

एलिवेटेड रोड से सुगम होगी राह

शहर में ट्रैफिक लोड कम करने के लिए राजातालाब से रांची नेशनल हाइवे (एनएच-19) पर विश्व सुंदरीपुल मारुति नगर कालोनी के निकट से रिंग रोड निर्माणाधीन गंगा पुल तक करीब 15 किलोमीटर एलिवेटेड फोरलेन सड़क का एनएचएआइ की ओर से सर्वे पूरा करने के साथ ही डीपीआर बनाकर भेज दी गई है। 

बताया जा रहा है कि इसको मंजूरी भी मिल गई है। इस सड़क को बनाने के लिए किसी भी प्रकार के जमीन अधिग्रहण की भी जरूरत नहीं होगी। गंगा के किनारे होने के कारण इसमें किसी भी तरह की बाधा नहीं है। 
विश्व सुंदरीपुल से बाएं तरफ से इसका निर्माण होगा, ढाई किलोमीटर आगे सामने घाट पुल तक ले जाएंगे। रामनगर व चंदौली तक वाहनों की आवाजाही सुगम करने की मंशा से सामने घाट पर एक और समानांतर पुल बनाया जाएगा। वहां से सड़क रामनगर की तरफ से नमो घाट तक ले जाएंगे, यह लगभग छह किमी होगा। 

नमो घाट पर पहले से ही सिग्नेचर ब्रिज प्रस्तावित है। एलिवेटेड सड़क को आगे ले जाकर रिंग रोड के गंगा पुल से जोड देंगे। इसी क्रम में सामने घाट से बीएचयू तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क भी फोरलेन होगी। इस प्रोजेक्ट को पूरा होने के बाद वाहन बिना शहर में इंट्री किए राजातालाब के रास्ते ही विश्वसुंदरी पुल होते हुए बीएचयू पहुंच सकेंगे।

लोकार्पण-शिलान्यास सूची में अन्य कई परियोजनाएं भी

प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में 17 हजार 862 करोड़ लागत की 127 परियोजनाओं पर काम चल रहा है. इसमें से कई आकार ले चुकी हैं. पीएम कज्जाकपुरा आरओबी, सोवा रिग्पा मेडिकल कालेज व अस्पताल का औपचारिक लोकार्पण भी शामिल होगा। 

कादीपुर में रेल ओवर ब्रिज, चंद्रावती में विकास कार्य, यूपी कालेज में एस्ट्रो टर्फ, भगवानपुर में 55 एमएलडी का एसटीपी, काली मंदिर पांडेयपुर से आजमगढ़ संपर्क मार्ग चौड़ीकरण, बीएचयू में सीसीयू, रामनगर में वृद्धा आश्रम आदि तैयार है। 

इसी प्रकार शिलान्यास में सर्वाधिक महत्वपूर्ण 97 करोड़ से नगर निगम का बहुप्रतिक्षित भवन, लोहता में 274.31 करोड़ रुपये की लागत से 60 एमएलडी के एसटीपी, 18 वार्डों में 259 करोड़ से सीवर व पेयजल परियोजना, सिगरा पर पार्किग काम्प्लेक्स आदि शामिल हो सकते हैं।