जाति पूछकर दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल ने मार दी गोली, परिवार का इकलौता कमाने वाला शख्स था मृतक पांडव...
नईदिल्ली, ब्यूरो। दिल्ली पुलिस ने हेड कॉन्स्टेबल नीरज को गिरफ्तार कर लिया है. नीरज पर आरोप है कि उसने शनिवार देर रात एक कंपनी प्रतिनिधि से कहासुनी के दौरान जाति सूचक गालियां दीं और बेहद करीब से गोली मारकर हत्या उसकी हत्या कर दी। मृतक के परिजनों ने रविवार को बताया कि गोली युवक के शरीर को भेदते हुए उसके दोस्त को भी लग गई, जिससे वह भी घटना में घायल हो गया है. पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह घटना उस समय हुई जब कंपनी प्रतिनिधि पांडव कुमार और उसका दोस्त कृष्ण जाफरपुर कलां गांव में देर रात लगभग 2:30 बजे सड़क पर खड़े थे और आरोपी नीरज ने कथित तौर पर बहस के बाद उन पर बेहद करीब से गोली चला दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक नीरज दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा में तैनात है. पुलिस के अनुसार, जाफरपुर कलां थाने को देर रात करीब 2:30 बजे एक अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से घायल दो व्यक्तियों को भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया. प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों अपने दोस्त के घर पर दो साल के बच्चे की जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे. इसने कहा कि उत्सव के बाद पीड़ित जाने से पहले सड़क पर पार्टी के आयोजकों के साथ बातचीत कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि सड़क के दूसरी ओर रहने वाला नीरज नीचे आया और उनसे बहस करने लगा. कहासुनी के दौरान उसने कथित तौर पर कुमार पर गोली चलाई. उसने बताया कि बहुत करीब से पांडव के सीने में गोली मारी गई थी. पुलिस के मुताबिक, "गोली पांडव कुमार की छाती को भेदते हुए उनके शरीर से बाहर निकल गई और मोटरसाइकिल पर उनके पीछे बैठे कृष्ण के पेट के दाहिने हिस्से में जा लगी." दोनों को तत्काल नजीदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां कुमार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि कृष्ण का इलाज किया जा रहा है।
मृतक के परिजनों ने दावा किया कि गोलीबारी बिना किसी उकसावे के की गई थी और आरोपी ने संक्षिप्त बहस के बाद अचानक गोली चला दी और तुरंत मौके से फरार हो गया. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी शराब के नशे में था. उन्होंने दावा किया कि उसने कुमार के अपने दोस्तों के साथ सड़क पर खड़े होने पर आपत्ति जताई और उससे उसकी जाति के बारे में पूछा. पांडव कुमार की मां मीना देवी ने संवादाताओं को बताया, "जैसे ही उसे (आरोपी) पता चला कि कुमार बिहार से हैं, उसने गोली चलाई और भाग गया।"
देवी ने कहा, "मुझे अपने बेटे के लिए न्याय चाहिए. वह निर्दोष था और जन्मदिन की पार्टी में गया था. वह परिवार का भरण-पोषण करने के लिए कड़ी मेहनत करता था. आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए." परिजनों ने कहा कि गोली बहुत करीब से बिना किसी कारण के चलाई गई थी. एक अन्य रिश्तेदार ने बताया कि कुमार परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और घर खर्च चलाने के लिए कंपनी प्रतिनिधि के रूप में काम करता था।
घटना के बाद परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग जाफरपुर कलां थाने पर जमा हो गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने बताया कि नीरज हरियाणा के रोहतक जिले के महम में स्थित बहू अकबरपुर गांव का रहने वाला है और पिछले 15 वर्षों से अकेला रह रहा है. पुलिस ने बताया कि वह पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।