अब बच्चों का खाने से नहीं फूलेगा मुंह, बनाकर दें हेल्दी और क्रिस्पी मैसूर मसाला डोसा...
बच्चों का खाने को लेकर मूड समय-समय पर बदलते रहता है। उन्हें अक्सर चटपटा, क्रिस्पी और फ्राईड चीजें पसंद आती हैं। कई बार वह लगातार एक ही तरह का भोजन करके ऊब जाते हैं, ऐसे में पेरेंट्स को समझ नहीं आता कि क्या बनाएं। अगर आपके भी बच्चे खाना खाने में मुंह फुलाते हैं तो आप उनके लिए हेल्दी और क्रिस्पी मैसूर मसाला डोसा बना सकते हैं।
दरअसल, इन दिनों न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया के कई देशों में लोग दक्षिण भारतीय भोजन पसंद कर रहे हैं। इसके पीछे वजह है कि ये ज्यादातर उबले हुए होते हैं और कम तेल में बनते हैं। कुरकुरा और सुनहरे रंग का मैसूर मसाला डोसा अपने चटपटे, स्वादिष्ट आलू की स्टफिंग लिए जाना जाता है। इसमें इस्तेमाल होने वाली तीखी लाल चटनी के कारण इसका स्वाद साधारण मसाला डोसा से अलग होता है। हालांकि, आप कम तीखा वाला मैसूर मसाला डोसा भी बना सकते हैं।
इसे आप नास्ते, लंच से लेकर डिनर तक में बना सकते हैं। यहां पर मैसूर मसाला डोसा की आसान रेसिपी साझा की गई है, जिसकी मदद से आप घर पर ही स्वादिष्ट और हेल्दी डोसा ट्राई कर सकते हैं।
मैसूर मसाला डोसा बनाने के लिए सामग्री
2 कप इडली चावल
आधा कप उड़द दाल
1/4 कप चना दाल
1/4 कप पोहा
आधा चम्मच मेथी दाना
4 सूखी लाल मिर्च
2 बड़े चम्मच चना दाल
2 लहसुन की कलियां
1 छोटा प्याज
1 छोटा चम्मच
1 चम्मच इमली का पेस्ट
आधा चम्मच नमक
आवश्यकतानुसार पानी
2 उबले हुए आलू
1 छोटा प्याज
1 हरी मिर्च
आधा चम्मच राई (सरसों के दाने)
आधा चम्मच हल्दी पाउडर
5-6 करी पत्ते
1 बड़े चम्मच तेल
2 बड़े चम्मच धनिया पत्ते
मक्खन
तेल या घी
कुरकुरा मैसूर मसाला डोसा बनाने की आसान विधि
सबसे पहले इडली चावल, उड़द दाल, चना दाल और मेथी दाना को एक साथ पानी में 5-6 घंटे लिए भिगो दें। वहीं, पोहे को भी अलग से 30 मिनट पानी में भिगो दें।
भिगोए हुए सभी सामग्री को छानकर, पोहे के साथ मिलाकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पीस लें। पेस्ट में नमक मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लें, फिर इसे रातभर खमीर होने के लिए रख दें।
अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और सूखी लाल मिर्च (कम भी डाल सकते हैं), चना दाल, लहसुन और प्याज को सुनहरा होने तक भून लें। इसमें इमली और टमाटर पेस्ट डालकर धीमी आंच पर 2 मिनट तक पकाएं और नमक मिलाएं। अब इसे थोड़ा पानी डालकर एक स्मूद पेस्ट की तरह पीस लें और अलग रख दें।
अब एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई डालकर उसे चटकने दें। इसमें कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और करी पत्ते डालकर अच्छी तरह भूनें। हल्दी पाउडर, मैश किए हुए आलू और नमक डालकर 2 मिनट तक पका लें।
अब तवा को मध्यम आंच पर गर्म करें और हल्का तेल या घी लगा दें। बीच में एक कलची बैटर डालें और गोल घुमाते हुए पतला डोसा फैलाएं। किनारों पर थोड़ा मक्खन डालें ताकि वह नरम रहे। ऊपर से लाल चटनी को अच्छे से फैला दें।
बीच में आलू मसाला डालें और डोसे को मोड़ दें। इसे सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं। अब इसे नारियल चटनी और सांभर के साथ गरमागरम परोस सकते हैं।
इसे आप वीकेंड पर बच्चों का स्वाद बदलने के लिए बना सकते हैं। यह स्वादिष्ट होने के साथ ही खुशबूदार व्यंजन होता है जिसे न सिर्फ बच्चे बल्कि बड़े भी पसंद करते हैं।