आशा भोसले के सपनों का म्यूजिक इंस्टीट्यूट बनाएगी महाराष्ट्र सरकार, देवेंद्र फडणवीस ने किया ऐलान...
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दिग्गज गायिका आशा भोसले ने एक खास संगीत संस्थान बनाने का सुझाव दिया था, जहां नए और पुराने कलाकार संगीत की पढ़ाई कर सकें और अपनी कला को बेहतर बना सकें।उनकी इस योजना को सरकार आगे बढ़ाएगी और इसे साकार करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, "संगीत संस्थान का प्रस्ताव खुद आशा भोसले ने रखा था और राज्य सरकार इसे आगे बढ़ाएगी।" यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।
मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान दिवंगत गायिका को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने उनके भारतीय संगीत में अतुलनीय योगदान को याद करते हुए शोक प्रस्ताव पढ़ा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित कई मंत्री मौजूद रहे।
शनिवार शाम को जब आशा भोसले का पार्थिव शरीर अस्पताल से उनके घर लाया गया, तब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य मंत्री आशीष शेलार ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
आशा भोसले भारतीय संगीत जगत की सबसे प्रतिष्ठित प्लेबैक सिंगर्स में से एक थीं। आठ दशकों से अधिक लंबे अपने करियर में उन्होंने कई भाषाओं और शैलियों में अपनी आवाज का जादू बिखेरा। वह अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती थीं, जिसमें रोमांटिक गीतों से लेकर ग़ज़ल और चुलबुले गानों तक सब शामिल हैं।
1933 में जन्मी आशा भोसले ने कम उम्र में ही अपने संगीत सफर की शुरुआत की और 1950 के दशक में लोकप्रियता हासिल की। अपने लंबे करियर में उन्होंने हजारों गाने रिकॉर्ड किए, जिनमें शास्त्रीय, ग़ज़ल, कैबरे, पॉप और लोक संगीत शामिल हैं। आशा भोसले को उनके असाधारण योगदान के लिए पद्म विभूषण, दादासाहेब फाल्के पुरस्कार और महाराष्ट्र भूषण जैसे सम्मान से नवाजा गया था।