हैदराबाद में आज रनों की बारिश तय, आमने-सामने दो धाकड़ होंगे ओपनर, अभिषेक-वैभव मचाएंगे तबाही, दर्शकों का होगा मनोरंजन...
आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में आज हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी. इस मैच की सबसे खास बात दोनों टीमों के बाएं हाथ के विस्फोटक ओपनर्स अभिषेक शर्मा और युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के बीच मुकाबला है, जिन पर सभी की नजरें टिकी होंगी।
पावरप्ले में अभिषेक शर्मा का शानदार प्रदर्शन
अभिषेक शर्मा पिछले कुछ सीजन से सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पावरप्ले में शानदार प्रदर्शन करते आए हैं. तेज शुरुआत दिलाने में माहिर अभिषेक ने कई बार विपक्षी गेंदबाजों को दबाव में डाला है. खास बात यह है कि वह आईपीएल इतिहास में पांच बार 20 गेंदों से कम में अर्धशतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं. हाल ही में उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ सिर्फ 18 गेंदों में पचासा जड़कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का एक और नमूना पेश किया. 80 से अधिक मैचों का अनुभव उन्हें और भी खतरनाक बनाता है, क्योंकि वह स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों के खिलाफ समान रूप से प्रभावी हैं।
दूसरी ओर, वैभव सूर्यवंशी बेहद कम उम्र में ही क्रिकेट जगत में सनसनी बन चुके हैं. बिहार के इस खिलाड़ी ने महज 14 साल की उम्र में आईपीएल में डेब्यू कर इतिहास रच दिया था. इसके बाद उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक ठोककर टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता और निडरता साफ झलकती है।
इस सीजन में भी वैभव का प्रदर्शन शानदार रहा है. उन्होंने बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ अंदाज में रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 260 से अधिक रहा है, जो उनकी विस्फोटक शैली को दर्शाता है. भले ही उनका अनुभव अभिषेक से कम हो, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाजी किसी भी मैच का रुख पलट सकती है।
वैभव के पास तेजी से रन बनाने की क्षमता
दोनों खिलाड़ियों के आंकड़ों पर नजर डालें तो अभिषेक के पास अनुभव और स्थिरता है, जबकि वैभव के पास युवा जोश और तेजी से रन बनाने की क्षमता. अभिषेक अब तक आईपीएल में करीब 1900 से ज्यादा रन बना चुके हैं. वहीं, वैभव ने कम मैचों में ही शानदार औसत और बेहद ऊंचे स्ट्राइक रेट के साथ अपनी पहचान बना ली है।
हैदराबाद की बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर आज दोनों खिलाड़ियों के बीच चौके-छक्कों की जबरदस्त बारिश देखने को मिल सकती है. एक तरफ अनुभव का दम है, तो दूसरी तरफ युवा जोश का तूफान. ऐसे में यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि इस मुकाबले में कौन सा बल्लेबाज अपनी टीम को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाता है।