Headlines
Loading...
नोएडा के आंदोलन की आंच पहुंची वाराणसी !! अपशिष्ट प्रबंधन कंपनी वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने शुरू की हड़ताल...

नोएडा के आंदोलन की आंच पहुंची वाराणसी !! अपशिष्ट प्रबंधन कंपनी वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने शुरू की हड़ताल...

वाराणसी, ब्यूरो। वेतन की आंच अब नोएडा से पूरब में काशी तक आ पहुंची है। गुरुवार को वाराणसी में अपश‍िष्‍ट प्रबंधन से जुड़ी कंपनी वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड में चल रही हड़ताल के बीच कार्यस्थल पर भारी हंगामा देखने को मिला।स्थिति का जायजा लेने पहुंचे एसीपी चेतगंज भी सवालों से बचते नजर आए।

वहीं इसी मामले में हड़तात और व‍िरोध प्रदर्शन के बीच कंपनी के प्रोजेक्ट हेड अनुज भाटी ने भी हड़ताल के कारणों पर पूरी तरह से चुप्पी साध ली और वेतन को लेकर कोई भी जवाब देने से इन्‍कार कर द‍िया। वहीं अधिकारियों की हड़ताल को लेकर इस चुप्पी ने पूरे मामले को लेकर काशी में उभरी इस चुनौती को हवा देना शुरू क‍िया है। बमुश्‍क‍िल नोएडा में धरना प्रदर्शन संभला था क‍ि वेतन की रार को लेकर आंच काशी तक आ पहुंची है।

इस हड़ताल की वजह से माना जा रहा है क‍ि अब आगे वाराणसी की स्वच्छता व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होने जा रही है। अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी कंपनी वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने वेतन न मिलने के विरोध में हड़ताल शुरू करने के साथ ही काम भी ठप कर द‍ि‍या ह‍ै। बताया जा रहा है कि पिछले दो महीनों से वेतन न मिलने के कारण लगभग 500 कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। इसका सबसे गंभीर असर आदमपुर और जैतपुरा क्षेत्रों पर पड़ा है, जहां कचरा संग्रहण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।

हड़ताल के कारण 50 से अधिक कचरा संग्रहण वाहन सड़कों पर नहीं उतर पाए। परिणामस्वरूप, कई इलाकों में कूड़े के ढेर लगने लगे हैं, जिससे निवासियों को भारी असुविधा हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी ने आश्वासन दिया था कि वेतन हर महीने की 7 तारीख तक वितरित कर दिया जाएगा-यह वादा पार्किंग डिपो पर पोस्टर लगाकर प्रचारित भी किया गया था। इन आश्वासनों के बावजूद, दो महीने से वेतन का भुगतान न होने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है, जिसके चलते उन्होंने हड़ताल का सहारा लिया है।

कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है: जब तक उनका पूरा बकाया वेतन नहीं चुकाया जाता, तब तक कचरा संग्रहण कार्य फिर से शुरू नहीं किया जाएगा। अब सभी की निगाहें नगर निगम और कंपनी प्रबंधन पर टिकी हैं कि वे इस समस्या का समाधान कितनी जल्दी करते हैं और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बहाल करते हैं। इस स्थिति ने वाराणसी के निवासियों के लिए गंभीर समस्याएँ उत्पन्न कर दी हैं। कचरा न उठने के कारण कई क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ भी उत्पन्न हो सकती हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि वे इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करें और कर्मचारियों की मांगों का समाधान करें।

कंपनी प्रबंधन की चुप्पी : वेतन नहीं देने को लेकर कंपनी की ओर से चुप्‍पी और प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाए जाने की वजह से स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या नगर निगम और वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड इस समस्या का समाधान निकालने में सक्षम होते हैं या नहीं। इस हड़ताल ने न केवल कर्मचारियों के लिए बल्कि पूरे शहर के लिए एक गंभीर संकट उत्पन्न कर दिया है। अब यह देखना होगा कि क्या प्रशासन और कंपनी प्रबंधन इस मुद्दे को सुलझाने के लिए सक्रिय कदम उठाते हैं या स्थिति और बिगड़ती है। वाराणसी की स्वच्छता व्यवस्था को बहाल करने के लिए तात्कालिक फैसले का इंतजार स्‍थानीय नागर‍िक भी कर रहे हैं।