'बंटी जीरा मसाला' शराब पीते ही जमीन पर गिरे तीन लोग... अचानक मौत का कारण क्या और कौन लेगा जिम्मेदारी ?...
मेरठ। ठेके से खरीदी गई देशी शराब पीने से कारोबारी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों ने सरसों पेराई के स्पेलर में शराब पी थी। ठेके पर शराब में मिलावट करने से जहरीली तो नहीं बन गई ?फिलहाल आबकारी विभाग से लेकर पुलिस तक सब शराब को सही बताने पर तुले हुए है। ऐसे में सवाल उठता है कि फिर तीन लोगों की अचानक ही मौत का कारण क्या है ? कौन इन मौतों की जिम्मेदारी लेगा ?
मूल रूप से भराला निवासी बाबूराम प्रजापति दौराला में रहते थे। घर में ही सरसों की पेराई के लिए स्पेलर लगा है। बाबूराम के बेटे सचिन ने बताया कि स्पेलर में दौराला के निवासी 45 वर्षीय जितेंद्र कुमार भी काम करते थे। शुक्रवार शाम सात बजे दौराला निवासी अंकित कुमार सरसों का तेल लेने आए थे। अंकित अपने साथ एक शराब का पाउच लाए थे। बाबूराम ने तीन कांच के गिलास मंगा दिए।
अंकित ने शराब के पाउच से तीन पैग बना दिए। बाबूराम, अंकित और जितेंद्र ने शराब पी। करीब पांच मिनट बाद ही तीनों बदहवास होकर जमीन पर गिर गए। सचिन ने पहले पिता को कार में डाला और आर्यवर्त अस्पताल ले गए। सचिन का भाई जितेंद्र और अंकित को सीएचसी ले गया। वहां पर चिकित्सकों ने यह कहते हुए भर्ती करने से इन्कार कर दिया कि दोनों की हालत ज्यादा गंभीर है।
उन्हें मेडिकल कालेज के अस्पताल ले जाने की सलाह दी। दोनों को आर्यवर्त अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। रात साढ़े दस बजे बाबूराम ने भी दम तोड़ दिया।
'बाबूराम ने अंकित के कहने पर लिया एक पैग'
बाबूराम के बेटे सचिन ने कहा कि उनके पिता का कसूर सिर्फ इतना था कि अंकित के कहने पर शराब का एक पैग ले लिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि ठेके पर ही शराब में इंजेक्शन से कोई पदार्थ मिलाया गया होगा। दौराला के सरधना रोड पर ठेके से खरीदी गई शराब एलजीएल गोरखपुर कंपनी की शराब है।
350 पाउच शुक्रवार को बिके: ठेका स्वामी
ठेके स्वामी मिंटू अहलावत ने बताया कि उनकी दुकान पर बंटी जीरा शराब के 350 पाउच शुक्रवार को बिक चुके है। सिर्फ एक ही पाउच के पीने से तीन लोगों की मौत हो गई है। अभी तक अन्य किसी की इस प्रकार की शिकायत नहीं मिली है, जबकि घटनाक्रम को देखे तो स्पेलर के अंदर भी शराब गिलास में डालकर पी गई है। शराब के साथ कुछ खाया नहीं है। ऐसे में सवाल बन रहा है कि फिर तीनों लोगों की मौत कैसे हुई?
आबकारी निरीक्षक अरविंद कुमार का कहना है कि दौराला स्थित मिंटू अहलावत के ठेके से बंटी जीरा शराब बिकी है। ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से सामने आया कि अंकित ने दौराला के ठेके से शराब नहीं ली है।
देखा जा रहा है कि अंकित यह शराब का पाउच कहां से लाया था ? परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि शराब ठेके से ही खरीदी गई थी। आबकारी विभाग के अफसर अपनी गर्दन बचाने के लिए इस प्रकार का दावा कर रहे है।
मामले की गहनता से जांच जारी: एसएसपी
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर देखा जा रहा है कि अंकित शराब कहां से लाया था। बताया कि शराब के पाउच पर जो तिथि अंकित है, उसके अनुसार यह 11 फरवरी को पैक की गई थी। डीएम द्वारा उक्त शराब की जांच कराई गई है। कई ठेकों से यह शराब बेची गई है। वहां से कोई शिकायत नहीं मिली।
सीएमओ और आर्यवर्त अस्पताल के डाक्टर ने भी जहरीले पदार्थ की पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। स्पेलर में पहले से भी खाली पव्वे पड़े मिले हैं, इन्हें जांच के लिए भेजा गया है।