प्रयागराज में हुई अतीक के गनर की हत्या मामले में माफिया अतीक के करीबियों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा...
प्रयागराज, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करेली थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुई अधेड़ की हत्या के बाद एक बार फिर माफिया अतीक अहमद का नाम सुर्खियों में आ गया है। इरफान के शव का गुरुवार को वीडीओग्राफी के साथ दो चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया।
मृतक इरफान के भतीजे सुफियान की तहरीर पर अतीक के करीबी आसिफदुरानी समेत दो नामजद एवं अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश में संभावित स्थानों पर पुलिस दबिश दे रही है।
उल्लेखनीय है कि, करेली थाना क्षेत्र में बुधवार रात 55 वर्षीय इरफान पुत्र स्वर्गीय लाल मोहम्मद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हालांकि जान बचाने की कोशिश में घायल इरफान को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को कारण बताया है।
परिवार के अनुसार इरफान का बड़ा बेटा मोहम्मद अमीर प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा मोहम्मद फैसल इंदौर में फेब्रिकेशन का काम करता है। परिवार में पत्नी मेहरून निशा, बड़ी बेटी अक्सा (जिसकी शादी पांच वर्ष पहले हो चुकी है) और 12 वर्षीय छोटी बेटी जैनब है।
मृतक के भतीजे सूफियान अहमद पुत्र स्वर्गीय रिजवान अहमद ने करेली थाने में तहरीर देकर माफिया अतीक अहमद गैंग के करीबी आसिफ दुर्रानी और रासिद दुर्रानी (निवासी चकिया, थाना खुल्दाबाद) सहित अन्य अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि आसिफ दुर्रानी का परिवार से पुराना विवाद चल रहा था, जो रिश्तेदारी के कारण और बढ़ गया। बताया गया कि दुर्रानी की बहन की शादी खेदुआ गांव में हुई थी, जहां से विवाद की शुरुआत हुई। साथ ही, मृतक के भतीजे ने यह भी आरोप लगाया कि करीब चार वर्ष पहले भी आसिफ दुर्रानी ने इरफान पर जानलेवा हमला किया था, लेकिन उस समय मामला दबा दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मामले में दो नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है।
फिलहाल, पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।