Dacoit BO Collection Day 1: 'धुरंधर 2' के तूफान में घिरी 'डकैत', ओपनिंग डे पर किया बस इतनी कमाई...
Dacoit Box Office Collection Day 1 :
बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' का दबदबा साफ देखने को मिल रहा है और इसी बीच काफी उम्मीदों के साथ रिलीज हुई 'डकैत: अ लव स्टोरी' ने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर स्टारर इस फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त बज बना हुआ था लेकिन ओपनिंग डे के आंकड़े उम्मीदों के मुकाबले थोड़े फीके नजर आए हैं।
पहले दिन डकैत की कमाई ने किया निराश
-डेब्यू डायरेक्टर शेनिल देव के निर्देशन में बनी 'डकैत: अ लव स्टोरी' एक एक्शन-रोमांटिक थ्रिलर फिल्म है, जिसमें अनुराग कश्यप भी अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे अदिवी शेष से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं।
ओपनिंग डे पर फिल्म की ऑक्यूपेंसी रही स्लो
हालांकि फिल्म 'डकैत' ने रिलीज के पहले दिन करीब 6.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन लगभग 7.57 करोड़ रुपये रहा है। ओपनिंग डे पर फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 26.4 प्रतिशत दर्ज की गई जो इस तरह की हाई-एक्सपेक्टेशन फिल्म के लिहाज से औसत मानी जा रही है।60 करोड़ के बजट पर भारी पड़ सकती है धीमी शुरुआत
करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म 'डकैत' के लिए शुरुआती आंकड़े थोड़ा दबाव बनाने वाले हैं। आमतौर पर फिल्मों की कमाई वीकेंड के बाद गिरने लगती है, ऐसे में अगर शनिवार और रविवार को कलेक्शन में उछाल नहीं आता है तो फिल्म के लिए अपनी लागत निकालना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजर अब पूरी तरह वीकेंड पर टिकी हुई है, जहां फिल्म के असली टेस्ट का फैसला होगा।
'धुरंधर 2' से कड़ी टक्कर, मुकाबला दिलचस्प
-दिलचस्प बात ये है कि जहां 'डकैत' अपने पहले दिन 6.50 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू पाई, वहीं 'धुरंधर 2' ने रिलीज के 23वें दिन भी करीब 6.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। इससे साफ है कि रणवीर सिंह की फिल्म अभी भी दर्शकों के बीच जबरदस्त पकड़ बनाए हुए है और नई रिलीज को कड़ी चुनौती दे रही है।
-अब असली सवाल यही है कि क्या 'डकैत' वीकेंड पर अपनी रफ्तार पकड़ पाएगी या 'धुरंधर 2' का तूफान इसे पीछे छोड़ देगा। आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस का ये मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है, जहां दोनों फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।