MI vs RCB IPL 2026 Highlights: सॉल्ट, विराट, पाटीदार का धमाका, सुयश की गेंदबाजी द्वारा, बेंगलुरु ने मुंबई को 18 रन से हराया...
Royal Challengers Bengaluru vs MI IPL 2026 Highlights: आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हराया.बेंगलुरु से मिले 241 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 222 रन ही बना सकी. यह मुंबई की सीजन की लगातार तीसरी हार है जबकि बेंगलुरु ने सीजन की तीसरी जीत दर्ज की है।
आरसीबी से मिले 241 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही. रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा की जोड़ी अच्छी लय में दिखाई दी. हालांकि, हैमस्ट्रिंग में खिंचाव होने के कारण रोहित 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए. इसके बाद सुयश शर्मा ने अपने एक ही ओवर में रिकेल्टन और तिलक वर्मा कि विकेट लेकर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया और इसके बाद मुंबई वापसी नहीं कर पाई।
रिकेल्टन ने 22 गेंदों में 3 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 37 रन बनाए. कप्तान सूर्यकुमार यादव अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे, और वह 22 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए. तिलक वर्मा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ एक ही बना पाए. हार्दिक पांड्या कुछ दमदार शॉट्स खेले और वह 22 गेंदों में 40 रन बनाकर जैकब डफी का शिकार बने. हार्दिक ने अपनी इस पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया. नमन धीर एक रन ही बना सके. शेरफेन रदरफोर्ड ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 31 गेंदों में 71 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार और विराट कोहली की अर्द्धशतकीय पारियों के दम पर 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 240 का स्कोर खड़ा किया है. फिल सॉल्ट ने पहले ही ओवर से टोन सेट किया. उन्होंने 36 गेंदों में 6 चौके, 6 छक्कों के दम पर 78 रनों की पारी खेली. इसके बाद क्रीज पर आए पाटीदार ने छक्कों की बरसात कर दी. पाटीदार ने 20 गेंदों में 4 चौके, 5 छक्कों के दम पर 53 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए. अंत में टिम डेविड ने 16 गेंदों में नाबाद 34 रनों की पारी खेली।
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेइंग XI: फिलिप सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेट कीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, सुयश शर्मा।
मुंबई इंडियंस प्लेइंग XI: रोहित शर्मा, रयान रिकल्टन (विकेट कीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिशेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मार्कंडे, जसप्रीत बुमराह।