दिल्ली बनाम पंजाब: एक दिन में बने दो रिकॉर्ड, केएल राहुल का कारनामा तो श्रेयस अय्यर की ताबड़तोड़ पारी, PBSK 6 विकेट से जीता...
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में आज का मैच दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। दिल्ली के खिलाफ पंजाब ने 265 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 264 रन बनाए थे। डीसी के लिए केएल राहुल ने आईपीएल करियर का छठा शतक लगाते हुए नाबाद 152 रन बनाये, जबकि नीतीश राणा ने 91 रनों की पारी खेली थी।
पीबीकेएस के लिए प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने शुरुआत की। दोनों के बीच 126 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी हुई। प्रभसिमरन (76), प्रियांश आर्या (43) और कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 71 रनों की पारी खेली। ये आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है। पिछला सबसे बड़ा रन चेज भी पंजाब किंग्स के नाम था।
आज शनिवार को आईपीएल के मुक़ाबले में एक ही दिन में दो रिकॉर्ड बन गए। पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के 264 रनों को पीछे छोड़कर रन चेज़ करने के अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाज़ी की और उसके ओपनिंग बल्लेबाज़ केएल राहुल ने 152 रनों की आतिशी पारी खेल कर एक नया रिकॉर्ड बनाया था।
हालांकि उनका रिकॉर्ड टीम की जीत के काम न आ सका. पंजाब की तरफ़ से श्रेयस अय्यर ने 36 गेंद में 71 रन और शशांक सिंह ने 10 गेंद में 19 रन की नाबाद पारी खेली।
पंजाब किंग्स के बल्लेबाज़ प्रियांश आर्या ने 17 गेंदों पर 43 रन और प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंदों पर 76 रन बनाए. दोनों ही बल्लेबाज़ों ने ओपनिंग करते हुए पंजाब के लिए पहले विकेट की साझेदारी में महज़ 6.5 ओवर में 126 रन बना डाले।
इस मज़बूत नींव के बाद पंजाब की टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और इस रोमांचक मुक़ाबले में दिल्ली को छह विकेट से हरा दिया. पंजाब की टीम ने 19वें ओवर में ही यह मुक़ाबला जीत लिया।
जीत के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयर अय्यर ने कहा, "मेरे पास शब्द कम पड़ रहे हैं. सबसे पहले, वहां फ़ील्डिंग करने के लिए बहुत तेज़ गर्मी थी. हमें लगा था कि पिच पर टर्न मिलेगा, लेकिन ऐसा ज़्यादा नहीं हुआ. गेंद थोड़ा रुक कर आ रही थी. केएल को श्रेय जाता है। मेरे मन में यही चल रहा था कि अब यहां से वे जितने भी रन बना लें, हमें उससे एक रन अधिक बनाना है।"
"वह हालात के हिसाब से खेलते हुए शानदार शॉट्स लगा रहे थे. मैंने बस इतना कहा कि अगर वे कर सकते हैं, तो हम भी कर सकते हैं. हम पहले भी 220 या 225 रन का लक्ष्य कुछ ओवर बाकी रहते हासिल कर चुके हैं। इसलिए सोच वही थी कि पावरप्ले में जितने हो सके उतने रन बनाए जाएं। अभी हमारा फोकस है कि मैदान पर जाकर खेल का आनंद लें. यह तीन दिन की कड़ी मेहनत थी, जिसमें अभ्यास और गर्मी में खेलना शामिल रहा।"
इससे पहले दिल्ली के बल्लेबाज़ केएल राहुल ने पंजाब किग्स के ख़िलाफ़ 112 गेंदों में 152 रनों की आतिशी पारी खेल कर रिकॉर्ड बनाया। आईपीएल इतिहास में यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ का सबसे बड़ा स्कोर है।
आईपीएल 2026 क्रिकेट के इस फॉर्मेट का 19वां सीज़न है. इस दौरान खेल के मैदान पर कई बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिले हैं।
महज़ 20 ओवर के खेल में कई बल्लेबाज़ों ने शतक जड़े हैं तो कई गेंदबाज़ों ने विपक्षी टीम को बांधकर रखने वाले स्पेल डाले हैं।
शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज़ केएल राहुल ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया जिसे लेकर वो क्रिकेट फ़ैंस के बीच चर्चा में आ गए हैं।
आईपीएल के 19 साल के इतिहास में इससे बड़ी पारी केवल दो बार खेली गई है।
ख़ास बात यह है कि आईपीएल में 13 साल पहले इससे बड़ा शतक बना था, जब क्रिस गेल ने 175 रनों की पारी खेली थी।
केएल राहुल के नाम रिकॉर्ड
आईपीएल 2026 के 35वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज़ केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ शानदार शतक जड़ा।
उन्होंने 152 रनों की अपनी पारी में 16 चौके और नौ छक्के लगाए।
कमाल की बात यह भी रही कि राहुल अपनी टीम के लिए ओपनिंग करने उतरे थे और पूरे 20 ओवरों तक पंजाब का कोई गेंदबाज़ न तो उन्हें आउट कर पाया और न ही उन पर अंकुश लगा पाया।
राहुल ने दूसरे विकेट के लिए नीतीश राणा के साथ 220 रनों की साझेदारी भी की। नीतीश राणा ने 44 गेंदों में 91 रनों की पारी खेली और अपने शतक से चूक गए।
दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच यह मैच दिल्ली में खेला जा रहा है।
इस मैच में केएल राहुल ने 47 गेंदों में शतक पूरा किया। आईपीएल 2026 में यह उनका पहला शतक है।