बिहार में PM मोदी पर जानलेवा हमले की रची गई साजिश, अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने CIA को भेजा प्रस्ताव, 22 दिन का मांगा था समय...
बिहार, बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जानलेवा हमले की साजिश रचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय अमन तिवारी को गिरफ्तार किया है।उसकी गिरफ्तारी बुधवार देर रात छापेमारी के दौरान की गई।
इस आश्चर्य जनक घटना ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है। सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को गंभीरता से ले रही हैं। पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
CIA को भेजा प्रस्ताव, मांगे पैसे
जांच में सामने आया है कि अमन तिवारी ने इस साजिश के लिए अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए को प्रस्ताव भेजा था। उसने इसके बदले मोटी रकम की मांग की थी।
साथ ही साजिश को अंजाम देने के लिए 22 दिन का समय भी मांगा था। यह जानकारी मिलते ही खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं। इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन गिरफ्तार
खुफिया सूचना के आधार पर बक्सर और डुमरांव पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने अमन के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर दो अन्य लोगों को भी पकड़ा गया है। हालांकि उनके नाम अभी गोपनीय रखे गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में और खुलासे हो सकते हैं। सभी आरोपितों से लगातार पूछताछ जारी है।
लैपटॉप समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
तलाशी के दौरान अमन के कमरे से लैपटॉप और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। इन उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है।
पुलिस को शक है कि इनसे कई अहम सुराग मिल सकते हैं। साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए कमरे को सील कर दिया गया है।
वहां पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है। फॉरेंसिक जांच के बाद और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
2022 में भी रच चुका था साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि अमन तिवारी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2022 में उसने कोलकाता एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची थी।
उस दौरान वह विदेशी संपर्कों में भी आया था। हालांकि समय रहते कोलकाता पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
नाबालिग होने के कारण वह कड़ी कार्रवाई से बच गया था। यह मामला अब फिर चर्चा में आ गया है।
परिवार साधारण, लेकिन आरोप गंभीर
अमन तिवारी का परिवार आर्थिक रूप से साधारण है। उसके पिता गणेश तिवारी पूजा-पाठ कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।अमन ने स्थानीय स्कूल-कॉलेज से पढ़ाई की है। उसके पास कोई विशेष उच्च शिक्षा नहीं है। पुलिस के अनुसार, वह इंटरनेट पर काफी सक्रिय रहता था। अधिक पैसे कमाने के लालच में उसने यह साजिश रची।
जांच जारी, बड़े खुलासों की उम्मीद
फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि वह अकेले काम कर रहा था या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा था। वहीं साइबर एंगल से भी जांच की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी पड़ताल जारी है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। इस घटना ने पूरे बिहार के साथ देशभर में हलचल मचा दी है।